मेरठ-बदायूं स्टेट हाइवे पर गांव धतूरी के पास बेकाबू रोडवेज बस ने ट्यूशन पढ़कर लौट रहे स्कूटी सवार तीन किशोरों को रौंद दिया। दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक किशोर ने अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में दम तोड़ दिया। गुस्साए ग्रामीणों ने कुचलने वाली रोडवेज बस में आग लगा दी, जबकि दूसरी रोडवेज बस में जमकर तोड़फोड़ की गई। घटना के बाद आरोपी बस चालक व परिचालक मौके से भाग निकले।
सलेमपुर थाना क्षेत्र के गांव चिट्टा निवासी दसवीं के छात्र अजरुद्दीन (15), राशिद (16) और सईद हुसैन (16) बुलंदशहर से ट्यूशन पढ़कर स्कूटी से अपने गांव लौट रहे थे। इस दौरान गांव धतूरी के सामने शिकारपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित रोडवेज बस ने स्कूटी सवार तीनों छात्रों को कुचल दिया।
हादसे में अजरुद्दीन और राशिद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सईद हुसैन की अस्पताल ले जाते समय मौत हुई। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीण जाम हो गए और रोडवेज बस को आग के हवाले कर दिया। गनीमत रही कि तब तक बस से यात्री उतर चुके थे। साथ ही ग्रामीणों ने गांव चिट्टा के गेट पर भी एक रोडवेज बस में जमकर तोड़फोड़ की और स्टेट हाइवे पर जाम लगा दिया।
उसके बाद कई थानों की फोर्स व अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया। थाना प्रभारी अवधेश अवस्थी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।