जिला अस्पताल से मेडिकल कराने के बाद पुलिस जीतू को जिला न्यायालय लेकर दोपहर करीब साढ़े तीन बजे पहुंच गई थी। जहां शाम करीब सवा पांच बजे मजिस्ट्रेट के सामने जीतू को पेश किया गया। शाम करीब छह बजे आदेश की कॉपी मिलने के बाद पुलिस जीतू को न्यायालय से सीधे जिला कारागार लेकर रवाना हो गई थी।
पुलिस-एसआईटी ने नहीं मांगी कस्टडी रिमांड
न्यायालय परिसर में जीतू को लाए जाने के बाद गहमागहमी का माहौल रहा। इस दौरान माना जा रहा था कि हत्या, हत्या की कोशिश व अन्य बलवे की धाराओं में आरोपी बनाए गए जीतू को पुलिस-एसआईटी की टीम रविवार को ही कस्टडी रिमांड पर लेने के लिए अर्जी दाखिल करेगी। लेकिन, पुलिस ने अब तक जीतू को कस्टडी रिमांड पर लेने की मांग नहीं की है।
''जीतू को न्यायाधीश ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा है। पुलिस-एसआईटी की तरफ से अभी कस्टडी रिमांड के लिए अर्जी दाखिल नहीं की गई है। जीतू की जमानत के लिए हम सोमवार को न्यायालय के समक्ष अर्जी दाखिल करेंगे।'' -संजय शर्मा, अधिवक्ता (जीतू उर्फ फौजी)