बुलंदशहर के चोला चौकी क्षेत्र के सिखेड़ा गेट पर हुए सड़क हादसे के दौरान तीन लोगों की मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए हैं। जिसमें एक मृतक की अभी तक शिनाख्त नहीं हुई है। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी और एसएसपी मौके पर पहुंचे और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चोला चौकी क्षेत्र के सिखेड़ा गेट के निकट बुधवार शाम को हाइवे पर ट्रक, कार और मैजिक की आपसी भिड़ंत हो गई। हादसा इतना बड़ा था कि ट्रक कार के ऊपर चढ़कर पलट गया।
हादसे के बाद ग्रामीण बचाव कार्य में जुट गए और पुलिस को इसकी सूचना दी। वहीं, सूचना मिलने पर जिलाधिकारी रविंद्र कुमार और एसएसपी संतोष कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। साथ ही घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
पुलिस के अनुसार दो मृतकों की शिनाख्त रबुपुरा, गौतमबुद्धनगर निवासी सलमान व जावेद के रूप में हुई है। साथ ही एक मृतक की शिनाख्त के लिए प्रयास किया जा रहा है। वहीं पांच लोगों को घायलावस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।