बुलंदशहर देहात कोतवाली की नई मंडी चौकी क्षेत्र के गांव इमलिया निवासी युवक की उसके दोस्तों ने ही फिरौती न मिलने पर गला रेत कर हत्या कर दी। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। जानकारी के अनुसार नई मंडी चौकी क्षेत्र के गांव इमलिया निवासी राजेंद्र की स्याना अड्डा क्षेत्र में परचून की दुकान है।
बताया गया कि शुक्रवार को भी वह अपनी दुकान पर मौजूद था। दोपहर को करीब 2:00 बजे उसके दोस्त भरत व अंकुश दुकान पर पहुंचे और उसे अपने साथ पार्टी करने की बात कहकर साथ ले गए थे। जिसके बाद देर रात तक राजेंद्र लापता रहा।
इस दौरान आरोपियों ने उसके परिजनों से सात लाख रुपये की फिरौती की मांग की थी। रुपये ना मिलने पर आरोपियों ने उसकी हत्या कर शव को गांव के निकट स्थित एक कुएं में फेंक दिया था। पुलिस ने देर रात शव बरामद कर लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वहीं शनिवार सुबह दोनों नामजद आरोपी दोस्तों को दबोच लिया गया है। एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मामले का राज फाश कर दिया गया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है।