फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बुलंदशहर बवाल: गोकशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज, दंगाइयों की पुलिस कर रही शिनाख्त

Tue, 04 Dec 2018 05:13 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बुलंदशहर
विज्ञापन
हंगामा करते दंगाई - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
बुलंदशहर के स्याना थाना क्षेत्र में हुई गोकशी की घटना के बाद पुलिस ने बजरंग दल के जिला संयोजक की तहरीर के आधार पर सात गोकशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। दंगा करने वाले आरोपियों की शिनाख्त की जा रही है। एडीजी प्रशांत कुमार ने बताया कि दंगाइयों के खिलाफ चौकी प्रभारी की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। वहीं, डीएम ने मामले की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश कर दिए हैं। 
विज्ञापन


स्याना के गांव नयाबांस निवासी योगेश राज पुत्र सूरजभान बजरंग दल में जिला संयोजक के पद पर तैनात हैं। उन्होंने सोमवार को स्याना पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह अपने कुछ साथियों के साथ सोमवार सुबह करीब नौ बजे गांव महाब के जंगलों में घूम रहे थे। 

इस दौरान उन्होंने जंगल में गांव नयाबांस निवासी आरोपी गोतस्कर सुदैफ चौधरी, इलियास, शराफत, अनस, साजिद, परवेज व सरफुद्दीन को गोवंशों का कटान करते हुए देखा और शोर मचा दिया। इस दौरान आरोपी मौके से भाग निकले। 
विज्ञापन


एडीजी प्रशांत कुमार ने बताया कि योगेश राज की तहरीर के आधार पर सातों नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। साथ ही दंगाइयों की शिनाख्त की जा रही है। दंगाइयों के खिलाफ चिंगरावठी चौकी प्रभारी की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जाएगी। 
 

दंगाइयों ने कोतवाल को घेरा - फोटो : अमर उजाला
साथ ही एडीजी ने बताया कि मृतक युवक सुमित के परिजन यदि तहरीर देते हैं तो उस तहरीर के आधार पर भी रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई होगी।
वहीं, दूसरी ओर डीएम अनुज कुमार झा ने भी मामले में मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दे दिए हैं। 

डीएम ने बताया कि एडीएम प्रशासन पूरे मामले की गहनता से जांच कर उन्हें जल्द से जल्द अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे। आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गोकशी के मामलों में हरकदम पर फेल जिला पुलिस
गोकशी की घटनाओं व गोकशों पर लगाम लगाने में जिला पुलिस पूरी तरह से फेल साबित हो रही है। बीती घटनाओं से भी पुलिस सबक लेती नजर नहीं आ रही है। घटनाओं के बाद हिंदूवादी संगठन प्रदर्शन करते हैं और पुलिस की जांच चार कदम चलने के बाद ठंडे बस्ते में चली जाती है। 
 
विज्ञापन

मौके पर पुलिस - फोटो : अमर उजाला
बता दें कि बीते 17 नवंबर को खुर्जा देहात क्षेत्र के गांव इस्लामाबाद में गोकशों के द्वारा 21 गोवंशों के कटान का मामला सामने आया था। हिंदूवादी संगठनों के विरोध व प्रदर्शन करने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुख्यात गोतस्कर आरिफ समेत पांच आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की और सभी आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये के इनाम की घोषण कर दी थी। 

लेकिन, पुलिस अभी तक इन पांचों आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं कर सकी है। इसके अलावा 31 जुलाई को जहांगीराबाद के दौलतपुर मार्ग पर गोकशी हुई थी, जिसके बाद जमकर हंगामा हुआ था।

 30 जुलाई को गुलावठी क्षेत्र के गांव रिढ़ावली में एक बाग में गोकशी हुई थी। 27 जुलाई को नई मंडी चौकी क्षेत्र के गांव इमलिया में गोकशी प्रकरण हुआ था। इसके अलावा छह जून को नई मंडी चौकी क्षेत्र के ही एक गांव में गोकशी का मामला सामने आया था।
 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें