बुलंदशहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रुकनसराय इलाके में घरों में चोरी कर लाए गए पशुओं के अवैध कटान मामले में अब नया मोड़ सामने आया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी एक साबुन फैक्टरी में पशुओं की चर्बी बेचते थे। आरोपी पशु कटान तस्कर समेत पुलिस ने फैक्टरी संचालक को भी गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
एसपी सिटी सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि नगर पुलिस ने मौहल्ला रुकनसराय से एक आरोपी के कब्जे से व उसकी निशादेही पर नौ भैंस, आठ कटिया, आठ कटरे जिंदा व तीन भैंस के अवशेष, 27 टीन चर्बी, नौ बोरे चर्बी सूखी, भारी मात्रा में भैंस की खाल व पशु वध करने के उपकरण आदि बरामद किए हैं।
आरोपी की शिनाख्त पुलिस ने आरिफ निवासी मोहल्ला रुकनसराय थाना कोतवाली नगर के रूप में की। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह अपने मौहल्ला निवासी फरार साथियों के साथ मिलकर पशु चोरी करता है और उन्हें काटकर उनकी चर्बी को कनस्तरों में भरकर साबुन फैक्टरी ख्वाजापुर मीरपुर शिकारपुर रोड में बेचते है।
थाना कोतवाली नगर पुलिस द्वारा ड्रग्स निरीक्षक व उनकी टीम और तहसीलदार सदर के साथ साबुन फैक्टरी में जाकर चेक किया गया तो वहां पर कुंटलों चर्बी कनस्तरों में भरी हुई मिली। जिसका प्रयोग साबुन बनाने में किया जाता है। चर्बी का सैम्पल लेकर परीक्षण के लिए भेजा गया है। साथ ही आरोपी फैक्टरी मालिक अमित आहुजा के खिलाफ भी थाना कोतवाली नगर पर रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
साथ ही आरोपी आरिफ ने पूछताछ में बताया कि वह नगर व आस पास के क्षेत्रों से अपने साथियों के साथ मिलकर पशु चोरी कर उनका कटान करता था। पूछताछ में पुलिस ने पशु चोरी के कई मामलों का भी राजफाश किया है। बताया गया कि आरोपी पर विभिन्न थानों पर चोरी, पशु कटान आदि के कई मामले दर्ज हैं।