फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बुलंदशहर: पांच दिन पहले बहन ने की थी खुदकुशी, अब भाई की गोली मार कर हत्या, मामला दर्ज 

Thu, 12 Nov 2020 10:18 PM IST
Mohit Mudgal संवाद न्यूज एजेंसी, बुलंदशहर
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

कोतवाली क्षेत्र के खत्रीवाड़ा मोहल्ले में पड़ोस में ही रहने वाले तीन आरोपियों ने गुरुवार तड़के युवक रामवीर की गोली मारकर हत्या कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य एकत्र कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के पिता की तहरीर पर दो सगे भाई और एक अज्ञात के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मामला आपसी रंजिश का है। जिसके चलते आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया है। 

विज्ञापन


नगर के मोहल्ला खत्रीवाड़ा निवासी सोहनपाल पुत्र केदार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पड़ोस में कपिल पुत्र राजेश वाल्मीकि का मकान है। कपिल के पास छासियावाड़ा निवासी उसके छोटे भाई आकाश का आना-जाना लगा रहता है। आकाश उसकी दिवंगत पुत्री पर बुरी नजर रखता था और उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए उस पर फब्तियां कसता था। साथ ही शादी के लिए उस पर दबाव बनाता रहता था। उसके पुत्र रामवीर (32) ने आकाश को छेड़छाड़ नहीं करने व विवाह का दबाव नहीं बनाने की चेतावनी दी थी। इस बात से आकाश रामवीर से रंजिश रखने लगा था। चेतावनी के बाद भी आकाश अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। 

आरोप है कि आकाश की हरकतों से तंग आकर उसकी पुत्री ने गत रविवार को जहरीला पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या कर ली थी। गुरुवार की सुबह करीब 5.15 बजे कपिल उनके घर पर आया और कहने लगा कि उसे जल्द बाहर जाना है अपनी दुकान से चीनी दे दो। उन्होंने बताया कि इतनी सुबह दुकान खोलने के लिए बार-बार मना करने पर भी कपिल अपनी मजबूरी बताकर दुकान से चीनी देने के लिए खुशामद करता रहा।
विज्ञापन


पड़ोसी होने के लिहाज से वह अपने पुत्र रामवीर के साथ मकान से चंद कदमों की दूरी पर स्थित दुकान को खोलने लगा। इसी दौरान उसने पीछे मुड़कर देखा तो कपिल के साथ उसका छोटा भाई आकाश भी खड़ा हुआ था। आकाश ने पीछे से रामवीर की गर्दन में तमंचा सटाकर गोली मार दी। गोली लगने से रामवीर लहूलुहान हो गए। घटना को अंजाम देकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। उन्होंने गंभीर रूप से घायल रामवीर को उपचार के लिए नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

हत्यारोपियों का बहन ने किया पीछा, मोहल्ले में दहशत 
रामवीर की गोली मारकर हत्या कर भाग रहे हत्यारोपियों का उसकी बहन मीना ने काफी दूर तक पीछा किया। लेकिन हत्यारोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। वहीं, भोर होते ही रामवीर की गोली मारकर हत्या करने से मोहल्ले में दहशत फैल गई। गोली चलने की आवाज से लोग सहम गए। कुछ लोग दहशत के मारे अपने घरों में छिप गए तो कुछ लोग जानकारी करने के लिए घरों से बाहर निकल आए। रामवीर की हत्या किए जाने की जानकारी होने पर उनके घर के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई। 

पांच दिन पहले हुई थी बेटी की मौत, अब बेटे की हत्या 
पांच दिन पूर्व बेटी द्वारा की गई आत्महत्या के सदमे से अभी परिवार के लोग उबर भी नहीं पाए थे कि बेटे की गोली मारकर हत्या करने से उनके ऊपर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिवार के लोग गहरे सदमे में हैं। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। गमजदा परिवार को सांत्वना देने के लिए रिश्तेदारों, परिचितों, मोहल्ले के लोगों का तांता लगा हुआ है। मृतक रामवीर पांच बहनों का इकलौता भाई था। दो बहनों की शादी हो चुकी है। 

रोशनी के त्योहार पर छाया अंधेरा
रोशनी के पर्व दिवाली पर जहां लोग अपने घरों को सजाने, संवारने में लगे हुए हैं। वहीं रोशनी के त्योहार दिवाली पर परिवार के इकलौते बेटे रामवीर की गोली मारकर हत्या करने से उसके परिवार का चिराग बुझ गया है और घर में अंधेरा छा गया है। रामवीर की हत्या किए जाने से उसके तीन मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। पत्नी सदमे में है। मां को सदमे में देख बच्चों का भी रो-रोकर बुरा हाल है। रामवीर अपने पीछे पत्नी रेनू, पुत्री निमिशा (8वर्ष),पल्लवी (6वर्ष),मोनी(4वर्ष),पिता सोहनपाल, माता तारावती, दो छोटी बहनों को छोड़ गया है। मृतक इन्वर्टर-बैटरी बनाने का कार्य करता था। 

सोहनपाल की तहरीर पर आरोपी सगे भाई आकाश, कपिल और एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। पीड़ित परिवार द्वारा कभी भी छेड़छाड़ की शिकायत नहीं की गई। ना ही बेटी की आत्महत्या किए जाने के बारे में पुलिस को कोई सूचना दी गई। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। 
विज्ञापन

 दीक्षित कुमार त्यागी, कोतवाली प्रभारी सिकंदराबाद

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें