एक व्यक्ति ने पत्नी को गिफ्ट देने के लिए फ्लैट बुक कराया। इसके लिए बिल्डर को 43 लाख से अधिक की रकम भी दे दी। 2014 में फ्लैट पर कब्जा देना था। लेकिन फ्लैट पर कब्जा नहीं दिया गया।
इस पर पीड़ित ने रुपये वापस मांगे तो उन्हें 30 लाख रुपये के चेक दे दिए जोकि बाउंस हो गए। सिटी मजिस्ट्रेट से बिल्डर की शिकायत की गई है। निशा के पति विवेक चंद्र सारस्वत ने बताया कि उन्होंने 2013 में सेक्टर-76 नोएडा में आम्रपाली ग्रुप का एक फ्लैट बुक कराया था।
43,35,149 रुपये का भुगतान कर दिया था। समझौते की शर्तों के मुताबिक 2014 में उन्हें फ्लैट पर कब्जा मिलना था, परंतु फ्लैट का निर्माण कार्य अभी तक नहीं हुआ। इसके चलते उन्होंने 27 जून 2015 में फ्लैट के सभी दस्तावेज आम्रपाली ग्रुप को वापस कर दिए और पैसे वापस करने की मांग की।
शिकायत जब सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंची तो बिल्डर ने पैसे वापस करने का आश्वासन दिया। 13 लाख रुपये वापस किए गए। बाकी के पैसों के लिए 5-5 लाख के 6 चेक दिए।
सभी चेक बैंक में लगाने पर वह बाउंस हो गए। इसके बाद से पीड़ित सिटी मजिस्ट्र्रेट कार्यालय में शिकायत कर बिल्डर के खिलाफ कार्रवाई मांग कर रहे हैं। विवेक चंद्र ने बताया कि बिल्डर ने उनके साथ धोखा किया है। उन्हें पैसे जल्द वापस नहीं मिले तो वह पुलिस में शिकायत देंगे।