ग्रेटर नोएडा के जीटा-वन स्थित एक बिल्डर साइट पर पांच महीने से काम कर रहे मजदूरों को पगार नहीं मिली है। लिहाजा बृहस्पतिवार को उन्होंने साइट पर काम बंद करके हंगामा शुरू कर दिया।
इस पर बिल्डर के बाउंसर मौके पर पहुंचे और कई मजदूरों के साथ मारपीट की। इस घटना से मजदूर उग्र हुए तो बाउंसरों ने हवाई फायरिंग की। उधर, पुलिस ने फायरिंग की घटना से इंकार करते हुए समझौता होने की बात कही है।
जीटा सेक्टर में एक बिल्डर साइट है, जहां पिछले कई साल से काम चल रहा है। आरोप है कि बिल्डर के ठेकेदार ने मजदूरों को पांच महीने से पगार नहीं दी। मजदूरों ने कई बार बिल्डर और ठेकेदार से बात भी की, लेकिन कोई हल नहीं निकला।
इस बात की जानकारी जब बिल्डर के अधिकारियों को मिली तो वह मौके पर बाउंसरों के साथ पहुंच गए। उधर, सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत करके मामला शांत कराया गया।
हालांकि लेबर ठेकेदार को कई बार बुलाया, पर वह नहीं आया। सूरजपुर थाना प्रभारी निरीक्षक होम सिंह यादव का कहना है कि मजदूरों ने हंगामा तो किया था, लेकिन फायरिंग जैसी कोई घटना नहीं है।