राष्ट्रपति भवन के पीछे स्थित बुद्घा गार्डन में हथियारों के बल पर युवक व युवती को लूटने का मामला सामने आया है। बेखौफ बदमाशों ने युवक की कनपटी पर पिस्टल लगा दी और फिर देशी कट्टे के बट से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया।
बदमाश युवक व युवती से हजारों रुपये की नकदी व ज्वेलरी लूटकर ले गए। मामला बुद्धा गार्डन का है अत: पुलिस भी तुरंत हरकत में आई। नई दिल्ली जिले की चाणक्यपुरी थाना पुलिस ने मामला दर्जकर तफ्तीश शुरू कर दी है।
दिनदहाड़े हुई लूटपाट की इस घटना के बाद बुद्धा गार्डन में सुरक्षा बढ़ा दी है। बुद्धा गार्डन में हर रोज काफी संख्या में कपल्स घूमने-फिरने आते हैं।
कनपटी पर गन रखकर की लूटपाट
नई दिल्ली पुलिस अधिकारियों के अनुसार तिलक नगर के विष्णु गार्डन निवासी दयाशंकर (29) प्राइवेट कंपनी में मार्केटिंग में काम करता है।
वह अपनी दोस्त स्नेहा के साथ मार्केटिंग के लिए रिज रोड होते हुए सात मई को करोलबाग की तरफ जा रहा था।
रास्ते में वह दोस्त स्नेहा के साथ बुद्धा गार्डन में घूमने चला गया।
बुद्धा गार्डन में वह दोपहर करीब दो बजे टॉयलेट कर टॉयलेट से बाहर आ रहा था। जब वह स्नेहा के पास पहुंचा तभी हथियारबंद बदमाशों ने दोनों को घेर लिया।
एक बदमाश ने दयाशंकर को पकड़ लिया। दूसरे बदमाश ने उससे सामान छीनने का प्रयास किया। अपने को घिरा देखकर दयाशंकर ने बदमाशों केसाथ हाथापाई शुरू कर दी थी।
सिर पर कट्टे से किया हमला
एक बदमाश ने दयाशंकर की कनपटी पर पिस्टल लगा दी, जबकि दूसरे बदमाश ने उसके सिर पर कट्टे के बट से हमला कर दिया। इसकेबाद बदमाशों ने उससे कहा कि वह सारा सामान दे दे नहीं तो उसे गोली मार देंगे।
बदमाश दयाशंकर व स्नेहा से 23 हजार रुपये नकद, 15 हजार रुपये का पीएनबी बैंक का चैक और दो मोबाइल फोन समेत अन्य सामान लूटकर ले गए। बदमाशों केभागने के बाद दयाशंकर ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही नए दिल्ली जिले के सीनियर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे।
खास बात है कि चाणक्यपुरी थाना पुलिस ने लूटपाट का मामला दर्ज किया है, जबकि बदमाशों के पास हथियार थे। पुलिस ने आर्म्स एक्ट की धारा नहीं लगाई। दिनदहाड़े लूट की इस घटना से बुद्घा गार्डन में आने वाले कपल्स में हड़कंप मचा हुआ है।