हरियाणा के पलवल जिले के होडल में मुंडकटी थाना क्षेत्र के गांव मरौली के जंगलों में बने फार्म हाउस पर अज्ञात लोगों ने शनिवार की रात 62 वर्षीय बुजुर्ग के सिर पर रॉड से वार कर हत्या कर दी। शव को खुर्दबुर्द (बुरी तरह से नष्ट) करने की नीयत से दिल्ली आगरा रेलवे ट्रैक पर डाल दिया। ट्रैक पर शव मिलने की सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर शव के पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं मृतक के बेटे ने फार्म हाउस पर खून के निशान मिलने पर मुंडकटी थाना पुलिस को अज्ञात के खिलाफ हत्या कर शव खुर्दबुर्द करने की शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।