वेलकम इलाके में पैतृक मकान को लेकर चल रहे झगड़े में दो भाइयों ने अपनी बहन को तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया। घटना 17 दिसंबर की है। जीटीबी अस्पताल में इलाज के बाद रविवार को जब पीड़िता की तबीयत में सुधार आया तो उसने दो भाइयों समेत नौ परिजनों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस के मुताबिक, परिवार के साथ जे-बी-ब्लॉक, वेलकम में रहने वाली शाहीन (53) के तीन बड़े भाई उवेस उर्फ मुन्ना, जुबैर और हाशिम हैं। उसका पैतृक मकान को लेकर उवेस और जुबैर से सात सालों से विवाद है और फिलहाल मामला कोर्ट में विचाराधीन है। उवेस और जुबैर शाहीन पर केस वापस लेने का लगातार दबाव बना रहे थे।
आरोप है कि शाहीन 17 दिसंबर की रात करीब 10:30 बजे हाशिम से मिलने पैतृक मकान पर पहुंची। हाशिम से बातचीत कर रही थी कि उसी दौरान जुबैर, उवेस व अन्य परिजन वहां पहुंचे और शाहीन से झगड़ा शुरू कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि जुबैर व उवेस ने उसे तीसरी मंजिल से नीचे धक्का दे दिया। इससे उसके शरीर की कई हड्डियां टूट गईं।