सुल्तानपुरी में बहन से कहासुनी करने पर तीन भाइयों ने पहले तो जीजा की जमकर पिटाई की फिर उस पर चाकू से हमला कर दिया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित दो साल से पत्नी से अलग रह रहा है।
पुलिस के मुताबिक रंजीत (28) सुल्तानपुरी के ई ब्लॉक में रहता है। वह प्राइवेट कंपनी में काम करता है। बृहस्पतिवार की रात रंजीत डी ब्लॉक में रहने वाली अपनी बहन से मिलकर घर आ रहा था। रास्ते में उसकी मुलाकात अपनी पत्नी से हो गई। उसकी पत्नी उससे अलग डी ब्लॉक में अपने भाइयों के साथ रहती है।
बातचीत के दौरान दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। रंजीत का आरोप है कि इसी दौरान पत्नी के तीन भाई बिट्टू, टोनी और बॉबी वहां आ गए और उसकी पिटाई शुरू कर दी।
एक आरोपी ने जेब से चाकू निकालकर उसके पीठ पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। शोर सुनकर वहां पहुंचे लोगों ने रंजीत को जख्मी हालत में संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने रंजीत के बयान पर उसके सालों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के बाद से सभी आरोपी फरार हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।