ख्याला के रघुवीर नगर इलाके में बहन के साथ बदसलूकी का विरोध करने पर नाबालिगों ने एक युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी। आरोपियों ने बीच-बचाव कर रही युवक की बहन और पड़ोसी को चाकू मारकर घायल कर दिया। घटना को अंजाम देकर आरोपी साथी के साथ भाग गया। लोगों ने घायलों को पास के अस्पताल में लेकर गई। जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या और हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की छानबीन करते हुए वारदात में शामिल एक नाबालिग को पकड़ लिया है, जबकि मुख्य आरोपी को पकड़ने के लिए उसके ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पश्चिम जिला के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पीयूष जैन ने बताया कि रविवार देर रात करीब 3.15 बजे ख्याला थाना पुलिस को गोबिंद सिंह अस्पताल से तीन लोगों को चाकू मारने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची, जहां पता चला कि रघुवीर नगर निवासी कंवलजीत सिंह (29) को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है। वहीं उसकी बहन बलजीत कौर (23) और पड़ोसी कमल कुमार (47) का इलाज चल रहा था।
कंवलजीत डिलीवरी बॉय का काम करता था
बलजीत कौर ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसका भाई कंवलजीत डिलीवरी बॉय का काम करता था। रात में वह घर के तीसरी मंजिल पर मौजूद था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले दो नाबालिग तीसरी मंजिल पर पहुंच गए और उसके भाई पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला करने लगे। कंवलजीत जान बचाने के लिए सीढ़ियों से बाहर की ओर भागे।
शोर शराबा होने पर दूसरी मंजिल से वह दौड़कर नीचे आई
नीचे में आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। शोर शराबा होने पर दूसरी मंजिल से वह दौड़कर नीचे आई। इतने में शोर सुनकर पड़ोस में रहने वाले कमल कुमार भी पहुंचे। दोनों ने बीच बचाव की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उन पर भी चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर गुरुद्वारा की ओर भाग गए। पुलिस ने बलजीत कौर के बयान पर हत्या और हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर लिया। जांच पड़ताल में पुलिस को पता चला कि करीब चार महीने पहले रघुवीर नगर निवासी एक नाबालिग ने बलजीत कौर के साथ बदसलूकी की।
आरोपियों की पहचान कर ली
विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ गाली गलौज भी की। इस बात का पता चलने पर कंवलजीत ने आरोपी नाबालिग की पिटाई कर दी। पुलिस ने आस पास के सीसीटीवी कैमरे की जांच कर आरोपियों की पहचान कर ली। पुलिस ने घटना में शामिल एक नाबालिग आरोपी को सोमवार तड़के इलाके से पकड़ लिया। पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि कंवलजीत के पिटाई करने से आरोपी नाबालिग काफी नाराज था। वह उससे बदला लेने की साजिश रची। देर रात वह उसके साथ वारदात को अंजाम दिया। पुलिस मुख्य आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश दे रही है।