-अलीपुर इलाके की घटना, घरेलू विवाद में दिया अंजाम
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। अलीपुर इलाके में घरेलू विवाद में एक युवक ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर जीजा और उनके दो रिश्तेदारों को चाकू गोद दिया। घायलों की पहचान इमरान (36), साबिर (40) और फरियाद (62) के रूप में हुई है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से भागे आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि शनिवार को अलीपुर थाना पुलिस को अकबरपुर माजरा के पल्ला कॉलोनी में चाकू गोदने की जानकारी मिली। अस्पताल पहुंची पुलिस को पता चला कि साबिर और फरियाद का राजा हरिशचंद्र अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि इमरान की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने लोक नायक अस्पताल रेफर कर दिया है। पुलिस ने फरियाद के बयान पर मामला दर्ज कर लिया।
जांच में पता चला कि इमरान की पत्नी नगमा विवाद की वजह से अपने बच्चों के साथ मायके में रह रही है। कुछ दिन पहले इमरान अपने ससुराल गया था और अपनी एक बेटी को लेकर घर आ गया था, लेकिन नगमा ने आने से इंकार कर दिया। शनिवार को नगमा अपने कुछ रिश्तेदारों के साथ इमरान के घर अपनी बेटी को वापस लेने पहुंची थी। इसी दौरान नगमा के चचेरे भाई अब्दुल रहमान ने इमरान सहित उसके दो अन्य रिश्तेदारों पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि हमलावरों के ठिकानों पर दबिश दी रही है।