अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तर-पश्चिम दिल्ली के मौर्य एन्क्लेव इलाके में मोबाइल फोन झपटमारी की घटना के बाद 31 आपराधिक मामलों में शामिल भाई-बहन की जोड़ी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की पहचान दिल्ली के चंदर विहार के निवासी 22 वर्षीय मनिंदर कौर उर्फ सिमरन और 24 वर्षीय अमनप्रीत सिंह के रूप में हुई है।
उत्तर-पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव के अनुसार मनिंदर आठ मामलों में, जबकि अमनप्रीत 23 मामलों में झपटमारी, चोरी और अन्य अपराधों में शामिल रहा है। 18 मार्च को तितिक्षा शर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वीआईपीएस, पीतमपुरा से आयकर कॉलोनी की ओर पैदल जाते समय एक युवक और युवती ने उनका मोबाइल फोन झपट लिया। आरोपी दोपहिया वाहन से मधुबन चौक की ओर फरार हो गए।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपियों ने एक दिन पहले भी इसी इलाके में झपटमारी की कोशिश की थी। सीसीटीवी फुटेज में सामने आया कि उन्होंने चोरी की मोटरसाइकिल का इस्तेमाल किया, जिसे समयपुर बादली क्षेत्र से जोड़ा गया। पुलिस टीम ने घटना के दिन ही मनिंदर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपने भाई की संलिप्तता का खुलासा किया और बताया कि झपटा गया मोबाइल उसके पास है। उसके बाद अमनप्रीत को पंजाब के लुधियाना से गिरफ्तार किया गया और उसके पास से मोबाइल बरामद किया गया। घटना में इस्तेमाल की गई चोरी की मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई।