लग्जरी सुविधाओं के पैकेज से सऊदी अरब में उमराह (तीर्थ यात्रा) कराने के नाम पर अधिवक्ताओं सहित दर्जनों लोगों से लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। अधिवक्ताओं ने कोर्ट में तारीख पर आए एक आरोपी को पकड़कर उसकी धुनाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपी को थाने ले आई। एसएसपी के आदेश पर कविनगर पुलिस ने दंपती सहित तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी व अमानत में ख्यानत का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सिविल कोर्ट कंपाउंड में प्रैक्टिस करने वाले अधिवक्ता तनसीर अहमद का कहना है कि उन्हें अपने अधिवक्ता मित्रों अब्दुल्ला, उम्मीद अली, अय्यूब अली (पूर्व लोकसभा प्रत्याशी) के साथ सपरिवार सऊदी अरब स्थित मक्का मदीना में उमराह तीर्थ यात्रा पर जाना था। नवंबर 2019 में उनकी मुलाकात क्रासिंग रिपब्लिक की ऑर्चिड पैरामाउंट सोसायटी निवासी अमित होमी से हुई। उसने अपना टूर एंड ट्रेवल्स का कारोबार बताते हुए देश की बड़ी कंपनी अपना कांट्रेक्ट बताया। उसने कहा कि वह लग्जरी सुविधाओं के बीच प्रतिव्यक्ति 65 हजार रुपये के स्पेशल पैकेज में उमराह करा देगा।
पैकेज में हवाई यात्रा, फाइव स्टार होटल में स्टे, खाना-टैक्सी
उक्त पैकेज में हवाई यात्रा, ऑबराय मदीना फाइव स्टार होटल, जमजम पुलमैन फाइवस्टार होटल मक्का स्टे, खाना व परिवहन सुविधा तय थी। तनसीर अहमद का कहना है कि भरोसा करके उन्होंने अमित होमी को चैंबर पर बुलाया। अमित होमी, उसकी पत्नी व सहयोगी सुमन रावत उर्फ दिलीप के साथ आया, जिसके बाद उन्होंने अपने व 11 अन्य साथियों के 7 लाख 80 हजार रुपये नगद व आरटीजीएस के जरिये उसकी कंपनी एलियन होलिडेज के खाते में ट्रांसफर कर दिए।
टैक्सी मिली न होटल, बच्चे-बूढ़े भटकते फिरे
तनसीर अहमद का कहना है कि 12 दिसंबर 2019 को वह रवाना हुए और 22 दिसंबर को मदीना एयरपोर्ट उतरे। वहां उन्हें लेने के लिए कोई गाड़ी नहीं थी। प्राइवेट टैक्सी से होटल ऑबेराय पहुंचे तो पता चला कि पैसा अदा न होने के कारण बुकिंग रद कर दी गई थी। यही बात उन्हें मक्का में होटल के मैनेजर भी बताई। दोनों शहरों में उन्हें भटकना पड़ा, जबकि वह सारी कीमत अमित होमी को पहले ही दे चुके थे।
अजीत डोभवाल की धमकी दी
तनसीर अहमद का कहना है कि उमराह से लौटने पर उन्होंने अमित होमी से शिकायत की तो वह टरकाने लगा। कभी खुद को कारगिल का युद्ध लड़ चुका साहसी कर्नल बताकर गुमराह किया तो कभी अजीत डोभवाल से कहकर छापा डलवाने की धमकी दी। बुधवार को ठगी में शामिल आरोपी सुमन रावत उर्फ दिलीप कोर्ट में तारीख पर आया। वकीलों ने उसे दबोचकर धुनाई कर दी। इसके बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
सैकड़ों लोगों को बनाया शिकार
पीड़ित तनसीर अहमद का कहना है कि उक्त आरोपियों का एक गिरोह है, जो लोगों से ठगी करता है। हापुड़ केकारोबारी के परिजनों व एक दंपती के साथ भी लाखों की ठगी की गई। इसके अलावा आरोपी की कंपनी नेट पर सर्च करने पर लोगों के कमेंट भी देखकर कंपनी की हकीकत देखी जा सकती है। एसएचओ कविनगर मोहम्मद असलम का कहना है कि अमित होमी, उसकी पत्नी व सहयोगी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है।