-आला अधिकारी खुद सड़कों पर उतरे, संदिग्ध वाहनों और लोगों की जांच तेज
-होटल, बाजार, पार्क और सुनसान इलाकों पर भी नजर
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। भारत मंडपम में 11 से 13 सितंबर तक होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को लेकर दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। आयोजन स्थल और नई दिल्ली जिले में अभेद्य सुरक्षा घेरा है तो राजधानी के बाकी जिलों में भी पुलिस हाई अलर्ट पर है। विदेशी राष्ट्राध्यक्षों और प्रतिनिधिमंडलों की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा को सिर्फ वीवीआईपी रूट और आयोजन स्थल तक सीमित नहीं रखा है। सभी जिलों में स्थानीय स्तर पर निगरानी बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत पहचान करने और जरूरत पड़ने पर अचानक जांच के निर्देश दिए गए हैं।
जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी खुद मैदान में उतरकर सुरक्षा व्यवस्था परख रहे हैं। संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त के साथ पुलिसकर्मियों की तैनाती और सतर्कता की जांच की जा रही है। पार्क, जंगल, खाली मैदान, नालों के आसपास और अन्य सुनसान इलाकों पर खास फोकस है। पुलिस का उद्देश्य ऐसे स्थानों पर भी निगरानी रखना है, जहां सामान्य दिनों में उसकी मौजूदगी कम रहती है। नई दिल्ली के पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा ने चाणक्यपुरी स्थित रिज क्षेत्र का निरीक्षण किया। पश्चिम जिले के डीसीपी हरेश्वर वी स्वामी और उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने भी संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त कर सुरक्षा का जायजा लिया।
वाहनों की चेकिंग और संदिग्धों पर नजर
प्रमुख सड़कों के साथ कॉलोनियों के प्रवेश-निकास मार्गों पर वाहनों की जांच बढ़ा दी गई है। बिना नंबर प्लेट या संदिग्ध नंबर प्लेट वाले वाहनों के अलावा लंबे समय से खड़े वाहनों और संदिग्ध तरीके से घूम रहे वाहनों पर नजर रखी जा रही है। स्थानीय अपराधियों और हाल में जेल से बाहर आए आरोपियों की गतिविधियों की भी निगरानी की जा रही है। दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद पुलिस के बीच सीमा क्षेत्रों में जांच और खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान को लेकर समन्वय बढ़ाया गया है।
सीसीटीवी और खुफिया इनपुट पर भी फोकस
पुलिस की निगरानी बाजारों, मेट्रो के आसपास, होटल-गेस्ट हाउस वाले इलाकों, धार्मिक स्थलों और अन्य सार्वजनिक स्थानों तक बढ़ाई गई है। स्थानीय पुलिस को लगातार भ्रमण करने और बीट स्टाफ के जरिये सूचना तंत्र मजबूत रखने के निर्देश हैं। अधिकारियों ने छोटी से छोटी संदिग्ध गतिविधि को गंभीरता से लेने को कहा है। संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है। संदिग्ध लोगों और वाहनों के साथ ड्रोन व अन्य उड़ने वाली वस्तुओं की गतिविधियों पर भी पुलिस की नजर है।