केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने मान्यता के लिए मेडिकल कॉलेज के पक्ष में 55 लाख रुपये घूस लेकर अनुकूल रिपोर्ट देने के मामले में तीन डॉक्टरों समेत छह लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। एजेंसी ने गिरफ्तारी के बाद उत्तर प्रदेश, दिल्ली, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, कर्नाटक और राजस्थान में 40 से अधिक स्थानों पर छापे मारे, जिसमें नए खुलासे होने की उम्मीद है।
छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर स्थित श्री रावतपुर सरकार इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च के पदाधिकारियों, निरीक्षण करने वाले डॉक्टरों और बिचौलियों के खिलाफ घूस लेकर मेडिकल कॉलेज की मान्यता के लिए वैधानिक निरीक्षण प्रक्रिया में हेरफेर करने का मामला दर्ज किया गया था। कथित तौर पर नामित मूल्यांकनकर्ताओं ने रिश्वत लेकर विभिन्न मेडिकल कॉलेजों के पक्ष में अनुकूल रिपोर्ट दी।
सीबीआई को सूचना मिली थी कि श्री रावतपुर सरकार संस्थान के अधिकारियों की ओर से निरीक्षण के लिए नियुक्त मूल्यांकनकर्ताओं को रिश्वत देकर प्रभावित किया जा रहा है। इस पर, सीबीआई ने जाल बिछाया और रिश्वत की रकम का लेन-देन करते छह व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों को संबंधित स्थानों पर सक्षम न्यायालयों के समक्ष पेश किया जाएगा।
आरोपियों ने निरीक्षण करने वाले डॉक्टरों को प्रभावित करके प्रक्रिया में हेरफेर करने के लिए अलग-अलग तौर तरीके अपनाए। देर रात तक कर्नाटक, राजस्थान, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और मध्य प्रदेश में सीबीआई की कार्रवाई जारी थी।