डेंगू मरीजों की संख्या ने अभी तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ डाले हैं। राजधानी में इससे पहले डेंगू मरीजों की इतनी संख्या कभी भी रिकॉर्ड नहीं की गई थी। सोमवार को निगम की ओर से जारी की गई रिपोर्ट के मुताबिक इस वर्ष डेंगू मरीजों की संख्या 10683 रिकॉर्ड की गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक इस वर्ष अब तक 30 मौतें हुई है। इससे पहले वर्ष 1996 में डेंगू के सर्वाधिक 10252 मरीज रिकॉर्ड किए गए थे और 423 मरीजों की मौत भी हुई थी।
वर्ष 1996 में पहली बार दिल्ली में डेंगू मरीजों की इतनी बड़ी संख्या सामने आई थी, तभी से रिकार्ड उपलब्ध है। सोमवार को दिल्ली नगर निगम की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक 10683 डेंगू मरीजों में से 9058 दिल्ली से हैं और 1625 मरीज दिल्ली के बाहर के रिकार्ड किए गए हैं।
चौंकाने वाले हैं ये आंकड़े
रिपोर्ट के मुताबिक सबसे अधिक डेंगू मरीज साउथ एमसीडी में 2432, नॉर्थ एमसीडी में 2307 और पूर्वी एमसीडी में सबसे कम 1413 मरीज रिकार्ड किए गए।
रिपोर्ट के मुताबिक एनडीएमसी इलाके में 186, दिल्ली कैंट में 26, रेलवे के इलाके में 24, उत्तर प्रदेश से 431, हरियाणा से 215, अन्य दूसरे राज्यों के 192 मरीज जबकि 787 मरीजों की पहचान नहीं की जा सकी।
एमसीडी रिपोर्ट के मुताबिक इस वर्ष डेंगू से अब तक 30 मरीजों की मौत हुई है जबकि गैर सरकारी आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष अब तक इस बीमारी से 50 से अधिक मरीजों की मौत हो चुकी है।
पिछले चौबीस घंटे में डेंगू से चार मौत
दिल्ली के अलग-अलग अस्पतालों में पिछले चौबीस घंटे में डेंगू से चार मरीजों की इलाज के दौरान मौत हो गई। दो मरीजों की मौत राम मनोहर लोहिया व दो मरीजों की मौत सफदरजंग अस्पताल में हो गई।
आरएमएल अस्पताल के प्रवक्ता वीके सिन्हा ने बताया कि हरियाणा के मेवात के रहने वाले 10 वर्षीय यूसुफ की मौत इलाज के दौरान हो गई। डेंगू की पुष्टि होने के बाद यूसुफ सात अक्तूबर से अस्पताल में भर्ती था और रविवार को उसकी मौत हो गई।
वहीं तीन अक्तूबर से अस्पताल में भर्ती दिल्ली के रहने वाले राजेश (20) की मौत इलाज के दौरान सोमवार को हो गई। सफदरजंग अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एके रॉय ने बताया कि इलाज के दौरान पिछले चौबीस घंटे में अस्पताल में दो मरीजों की मौत डेंगू से हुई है।