ट्रैफिक के व्यस्त समय में गुड़गांव पुलिस और दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ग्रीन कॉरिडोर उपलब्ध कराकर एक व्यक्ति को नई जिंदगी दी है।
ग्रीन कॉरिडोर के जरिये सेक्टर-44 फोर्टिस अस्पताल से ब्रेन डेड व्यक्ति का धड़कता हृदय दिल्ली के एम्स अस्पताल पहुंचाया गया। 21.9 किलोमीटर की दूरी 38 मिनट 55 सेकेंड में पूरी की गई।
अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक, भिवाड़ी के अलवर-बाईपास रोड पर एक 34 वर्षीय व्यक्ति को दुर्घटना होने के बाद गुड़गांव के सेक्टर-44 स्थित फोर्टिस अस्पताल लाया गया।
दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति के ब्रेन में खून जम गया था। न्यूरो साइंस की टीम ने शुक्रवार सुबह दो बजे व्यक्ति को ब्रेन डेड घोषित कर दिया। इसके बाद डॉक्टरों ने उसके परिजनों को अंगदान के लिए प्रेरित किया।