राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर बृहस्पतिवार सुबह प्लेटफॉर्म पर एक युवक का सिर ट्रेन से टकरा गया। हादसे में युवक की मौत हो गई। मरने वाले की शिनाख्त साकेत निवासी अमित तलवार (34) के रूप में हुई है।
युवक उल्टी दिशा से ट्रेन आने का इंतजार कर रहा था। मेट्रो पुलिस उपायुक्त जितेंद्र मणि ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे पुलिस को सूचना मिली कि राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर ट्रेन से टकराने पर एक युवक का सिर फट गया है।
पुलिस ने प्लेटफॉर्म संख्या-एक पर युवक को जख्मी हालत में पड़ा हुआ पाया। पुलिस उसे लेडी हार्डिंग अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को उसके पास से एक विजिटिंग कार्ड मिला, जिससे उसकी पहचान अमित के रूप में हुई।
मृतक के पिता सुदेश तलवार ने पुलिस को बताया कि अमित सैलून में काम करता था और नौकरी की तलाश में घूम रहा था।