ऑनलाइन ट्रेन टिकट बुकिंग में गड़बड़झाले की वजह से रविवार की रात नई दिल्ली-लखनऊ राजधानी में जमकर हंगामा हुआ। यात्रियों ने आईआरसीटीसी की वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन टिकट बुक कराए थे।
नई दिल्ली-लखनऊ राजधानी के एसी फर्स्ट कोच में वेबसाइट ने सीटों से ज्यादा टिकट बुक कर दिए गए। छह लोगों को ऐसी सीटों पर कंफर्म टिकट दे दिया गया, जिस नंबर की बर्थ ट्रेन में थी ही नहीं।
इससे परेशान यात्रियों ने गाजियाबाद स्टेशन पर ट्रेन रुकते ही हंगामा कर दिया। रात 12:15 बजे स्थानीय रेल अधिकारियों ने ट्रेन को अटेंड कर यात्रियों को अन्य कोच में एडजस्ट कराया और ट्रेन को लखनऊ के लिए रवाना किया।
नई दिल्ली से लखनऊ जाने वाली राजधानी ट्रेन (12430) के एसी फर्स्ट कोच संख्या एचए-1 में सीटों की संख्या से छह टिकट ज्यादा बुक कर दिए गए।
इन छह यात्रियों के टिकटों पर ऐसी बर्थ संख्या डाली थी जो कोच में थी ही नहीं। नई दिल्ली से चढ़े यात्रियों ने विरोध किया, लेकिन उन्हें आगे सीटें दिलाने का आश्वासन दिया।
ट्रेन रात 12:03 मिनट पर गाजियाबाद स्टेशन पर रुकी तो यात्रियों ने विरोध कर दिया। यात्रियों का कहना था कि आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर टिकट बुक कराए थे।
टीटीई की सूचना पर सीनियर अधिकारी मौके पर पहुंचे और यात्रियों को समझाकर दूसरे कोच में सफर करने के लिए तैयार किया।
अधिकारियों ने छह यात्रियों को ट्रेन के अन्य कोच में खाली सीटों पर एडजस्ट कराया और रात 12:50 पर ट्रेन को लखनऊ के लिए रवाना किया। हालांकि स्थानीय अधिकारी भी प्रकरण को छुपा रहे थे। पूछे जाने पर डीटीएम डीके चोपड़ा ने प्रकरण की पुष्टि की है।