मेट्रो स्टेशन गेट नंबर-2 के सामने तीन बड़े बोरों में बम की सूचना से मचा हड़कंप
Sun, 03 Dec 2017 09:43 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, नई दिल्ली
सार
पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के सामने बम की सूचना के बाद हड़कंप
- मेट्रो स्टेशन गेट नंबर-2 सामने तीन बड़े बोरों में बम की दी गई सूचना
- बम, डॉग स्क्वायड, पीसीआर और लोकल पुलिस मौके पर पहुंची
- इसी दौरान पहुंच गया बोरों का मालिक वहां, उसने बताया गर्म कपड़े
- बोरे मालिक का कहना बोरों को ले जाने के लिए लेने गया था सवारी
पुरानी रेलवे स्टेशन के सामने मेट्रो स्टेशन के गेट पर शुक्रवार रात बम की सूचना के बाद हड़कंप मच गया। आनन-फानन में बम-डॉग स्क्वायड, पीसीआर और लोकल पुलिस वहां पहुंच गई। मेट्रो स्टेशन के गेट पर तीन बड़े बोरे पड़े थे।
विज्ञापन
अभी छानबीन जारी थी कि इसी दौरान बोरों का मालिक वहां पहुंच गया। उसने पुलिस को बताया कि इसमें गर्म कपड़े हैं। वह बोरे भारी होने के कारण वहां छोड़कर सवारी लेने गया था। बोरों में बम न होने की सूचना के बाद पुलिस की सांस में सांस आई।
कोतवाली थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस के मुताबिक साढ़े आठ बजे लोगों ने मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-2 के बाहर बड़े-बड़े तीन संदिग्ध बोरे पड़े देखे। स्थानीय लोगों ने फौरन मामले की सूचना पुलिस नियंत्रण कक्ष को दी गई।
विज्ञापन
खबर मिलते ही कुछ ही देर में सुरक्षा बलों ने बोरों को घेर लिया। बोरों की छानबीन की जाने लगी। इसी दौरान बोरों का मालिक वहां पहुंच गया। उसने बोरों की छानबीन करते पुलिस को देखा तो उसके होश उड़ गए।
बोरों के मालिक ने हिम्मत कर पुलिस को बताया कि बोरे उसके हैं और उसमें गर्म कपड़े हैं। शख्स ने बोरों को खोलकर भी दिखाया। इसके बाद पुलिस की जान में जान आई। बोरों के मालिक ने अपनी गलती मानते हुए बताया कि सामान काफी भारी था। इसलिए वह उसे छोड़कर सवारी लेने चला। सवारी न मिल पाने के कारण उसे देर हो गई।