बॉलीवुड के मिस्टर फरफेक्शनिस्ट यानी आमिर खान जल्द दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ नजर आएंगे। आम आदमी पार्टी सरकार सड़क हादसे में मदद का हाथ बढ़ाने वाले लोगों के लिए एक योजना शुरू करने जा रही है। बताया जा रहा है कि आमिर खान के हाथों इस योजना की शुरुआत होगी।
दिल्ली सचिवालय से सटे इंदिरा गांधी इनडोर स्टेडियम में 11 अगस्त को इस योजना की शुरुआत होगी। इस योजना को सरकार जनता के बीच लॉन्च करना चाहती है। इसलिए बड़े स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। स्टेडियम में 10 हजार से ज्यादा लोग शामिल होंगे।
इसमें दिल्ली के सभी पूर्व पार्षद, सांसद और विधायकों को बुलाया जा रहा है। इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस को भी सरकार ने आमंत्रित किया है।
गौरतलब है कि साल 2016 में दिल्ली में लगभग 8500 लोग सड़क हादसे का शिकार हुए। इसमें से 1600 लोगों की जान चली गई। इसमें से कई लोगों की मौत इसलिए हुई, क्योंकि इन्हें समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका।