इंस्टग्राम पर बनाए गए ब्वॉयज लॉकर रूम मामले की जांच कर रही दिल्ली पुलिस की साइबर सेल की टीम ने ग्रुप के एडमिन को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में पता चला कि नोएडा के एक लड़के ने वह ग्रुप बनाया था। ये लड़का बालिग है और उसने अपने दोस्तों को इस ग्रुप में जोड़ा था।
गिरफ्तार लड़के ने ही दूसरे लड़के को ग्रुप एडमिन भी बनाया। खास बात है कि ये लड़के अपने साथ पढ़ने वाली लड़कियों की फोटो ग्रुप में डालते थे। पुलिस ने जब ग्रुप के बालिग सदस्यों को पूछताछ के लिए बुलाया तो वह नहीं आए। मंगलवार को साइबर सेल की टीम ने पांच बालिगों को उनके घरों से हिरासत में ले लिया था, इन्हीं में एडमिन भी था।
साइबर सेल के पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुबूत मिलने के बाद ही एडमिन को गिरफ्तार किया गया है। इस बात की जांच की जा रही है कि इन लड़कों के पास लड़कियों की आपत्तिजनक फोटो कैसे आईं।
ग्रुप के एक सदस्य ने ब्वॉयज लॉकर की बात उस लड़की को बताई जिसकी फोटो ग्रुप में शेयर की गई थी। इसी लड़के ने ही लड़की को ग्रुप के स्क्रीन शॉट भेजे थे। इस लड़के का कहना है कि उसने ग्रुप में कोई चैट नहीं की।
उसने कई दिन बाद ये ग्रुप देखा तो पता लगा। ग्रुप में आठ से नौ लड़के ही सक्रिय थे। इस लड़की ने अन्य लड़कियों को बताया। लड़कियों ने सारी बातें ट्विटर पर शेयर कर दीं। इसके बाद लड़कों ने ग्रुप डिलीट कर दिया।