बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब 3:21 बजे रणहौला थाने को सूचना मिली थी कि खेलते समय एक बच्चा सीवर के मैनहोल में गिर गया है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और एनडीआरएफ की टीमों ने बच्चे की तलाश शुरू कर दी। घटनास्थल गंदा नाला के किनारे स्थित है। नाले के साथ सर्विस रोड के पास सीवर लाइन गुजरती है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, खोज अभियान के दौरान बुधवार को बचाव दल नाले और सीवर लाइन के रास्ते आगे बढ़ते हुए निहाल विहार स्थित निलोठी जल शोधन संयंत्र तक पहुंचा। वहां बच्चे का शव कई टुकड़ों में मिला।
पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि शव को सावधानीपूर्वक बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल भेज दिया गया है। बच्चे की पहचान की पुष्टि के लिए डीएनए जांच भी कराई जाएगी। चार वर्षीय इमरान अपनी मां के साथ मोहन गार्डन स्थित सोम बाजार वाली गली से दास गार्डन पार्क आया था। इसी दौरान नाले की ओर जाते समय वह सीवर में गिर गया। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सीवर के मुहाने पर लोहे का ढक्कन नहीं था, बल्कि उसे पॉलिथीन से ढका गया था।