बाहरी दिल्ली के बापरोला इलाके में नाले में गिरने वाले चार साल के मासूम का शव करीब 22 घंटे बाद बरामद कर लिया गया। बच्चे के नाले में गिरने की सूचना के बाद दिल्ली पुलिस, गोताखोरों और बाद में एनडीआरएफ की टीम ने बड़े स्तर पर तलाश अभियान चलाया। मासूम का शव दो हिस्सों में मिला है, जो घटना स्थल से दो किलोमीटर दूर था।
दास गार्डन, नगली विहार एक्सटेंशन इलाके में खेलते समय बच्चा अचानक नाले में गिर गया था। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और बच्चे की तलाश शुरू की। शुरुआती चरण में गोताखोरों ने करीब सात घंटे तक नाले में तलाश अभियान चलाया। इसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन को आगे बढ़ाते हुए एनडीआरएफ की टीम को भी तलाश में लगाया गया।
करीब 22 घंटे तक चले तलाशी अभियान के बाद मासूम का शव नाले से बरामद किया गया। घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।