दिल्ली के हाई सिक्योरिटी जोन में आने वाले इंडिया गेट के इलाके से सोमवार सुबह एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। इंडिया गेट से सटे तालाब के पास एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला है।
अति सुरक्षित माने जाने वाले राजपथ में करीब 25 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बता दें कि जिस तालाब के पास युवक का शव लटका मिला वो वही तालाब है जहां इंडिया गेट आए लोग अक्सर पिकनिक मनाते हैं।
लाश लटकने की सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच की टीम वहां मौके पर पहुंची और लाश को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल से एक बैग भी बरामद किया जिससे इस बात की पुष्टि होती है कि युवक दिल्ली का ही रहने वाला था।