अमर उजाला के 19 प्रकाशन केन्द्रों से जुड़े 69 शहरों में विश्व रक्तदाता दिवस पर कुल 78 स्थानों पर महादानियों ने रक्तदान किया। उल्लेखनीय है कि रक्तदान के लिए नागरिकों को प्रोत्साहित करने की मुहिम पर पहले से ही काम करने के कारण अनेक स्थानों पर एक-एक शिविर में ही दो सौ से भी अधिक नागरिकों ने रक्तदान किया।
इन 78 शिविरों में कुल 4423 लोगों ने महादान कर निस्वार्थ मानव सेवा की मिसाल कायम की। रक्तदान शिविरों का यह सिलसिला अमर उजाला की विभिन्न इकाइयों में पूरे जून माह चलता रहेगा।
आम नागरिकों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करने के लिए अमर उजाला फाउंडेशन की पिछले कई वर्षों से जारी यह मुहिम हर उम्र और वर्ग के नागरिकों को जोड़ती जा रही है। गुरुवार को कई स्थानों पर 20 से ज्यादा बार रक्तदान कर चुके नागरिकों ने इन शिविरों में आकर महादान किया और समाज के सामने मजबूत उदाहरण पेश किया।