सेक्टर-92 स्थित सारे होम्स अपार्टमेंट के फ्लैट में बुधवार शाम को विंडो एयर कंडीशनर (एसी) की सर्विस के दौरान धमाका हो गया। हादसे में सर्विस करने वाले दोनों युवकों की मौत हो गई जबकि मकान में रहने वाला युवक जख्मी हो गया। धमाके के बाद आसपास के लोगों की मदद से तीनों को रॉकलैंड अस्पताल ले जाया गया, जहां दो को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल युवक उपचार के बाद खतरे से बाहर है। सेक्टर-10ए थाना प्रभारी निरीक्षक संजय के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है, अभी मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।
पुलिस के मुताबिक अपार्टमेंट के डी-9 ब्लॉक की तीसरी मंजिल पर फ्लैट नंबर-304 में किराएदार वासुदेव साहा अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनके बेडरूम में लगे विंडो एसी की सर्विस के लिए अर्बन क्लैप मोबाइल ऐप के माध्यम से बुधवार शाम करीब 3.30 बजे मूल रूप से राजस्थान उदयपुरी वाटी निवासी रवि पुत्र सीताराम (25) व महेश पुत्र रामलाल (26) आए थे। दोनों युवक एसी की सर्विस कर रहे थे।
आरडब्ल्यूए प्रधान प्रवीण मलिक के मुताबिक एसी में जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग फ्लैट में पहुंचे। जिसमें किराएदार वासुदेव समेत दोनों युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे। तीनों को रॉकलैंड अस्पताल ले जाया गया, जहां एसी सर्विस करने वाले युवकों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि वासुदेव की हालत अब बेहतर है। सूचना के बाद सेक्टर-10ए थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस दोनों शवों को कब्जे में लेकर ब्लास्ट के कारणों की जांच कर रही है। थाना प्रभारी के मुताबिक यह जांचा जा रहा है कि एसी का कंप्रेशर फटा है या किसी और वजह से धमाका हुआ है। कारणों की जांच के बाद मामला दर्ज किया जाएगा। बृहस्पतिवार को दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।