हर साल दिवाली के मौके पर सबसे ज्यादा जगमगाने वाला बजरिया बाजार इस बार रोशनी की चकाचौंध से दूर रहेगा। घंटाघर चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस की ओर से बैरिकेडिंग लगाने से नाराज व्यापारियों ने काली दिवाली मनाने का फैसला लिया है।
बजरिया बाजार समिति के अध्यक्ष तरविंदर सिंह बत्रा ने बताया कि इस मुद्दे पर व्यापारियाें ने एसएसपी के साथ बैठक की थी। बैठक में एसएसपी ने अपने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि वह जल्द से जल्द बैरिकेडिंग हटाकर वहां गोल चक्कर बनवाएं।
साथ ही पुलिस कर्मियों को तैनात किया जाए। एसएसपी के इस आदेश को नजरअंदाज कर एसपी ट्रैफिक ने बैरिकेडिंग हटाने से मना कर दिया है।
व्यापारियों का कहना है कि बैरिकेडिंग लगने से बजरिया, घंटाघर, गोल मार्केट का कारोबार प्रभावित हो रहा है। व्यापारियाें के लिए दिवाली मुख्य त्योहार है। यदि जीटी रोड से बैरिकेडिंग नहीं हटाई जाएगी तो पूरा कारोबार ही ठप हो जाएगा।