भाजपा ने अनधिकृत कॉलोनियों के मतदाताओं को साधने की कवायद तेज कर दी है। पार्टी इन दिनों यहां के लोगों को यह समझाने में जुटी है कि प्रधानमंत्री उदय योजना के तहत जल्द ही कच्ची कॉलोनियां पक्की होंगी। अभियान के तहत भाजपा के सभी दिग्गज बुधवार को कच्ची कॉलोनियों में जनसंपर्क व हस्ताक्षर अभियान में जुटे रहे।
हफ्ते भर में करीब सात लाख परिवार से संपर्क साधने का लक्ष्य रखा गया है। प्रदेश महामंत्री व कार्यक्रम के संयोजक कुलजीत सिंह चहल ने बताया कि प्रधानमंत्री उदय योजना के तहत भाजपा कार्यकर्ता दिल्ली की सभी अनधिकृत कॉलोनियों में जाएंगे। योजना की संपूर्ण जानकारी से अवगत कराने के साथ ही फोटो खींचकर #PMUdayYojna पर अपलोड करेंगे।
देवली की अनधिकृत कॉलोनी में जनसंपर्क अभियान में पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व दिल्ली के प्रभारी श्याम जाजू ने कहा कि दिल्ली की अनधिकृत कॉलोनियों में रहने वाले 40 लाख लोगों को प्रधानमंत्री ने राहत दी है।
कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने अनधिकृत कॉलोनियों पर सिर्फ राजनीति की है। जनता के साथ धोखा किया है। ओम विहार पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दुष्यंत गौतम ने कहा कि ईमानदारी से सरकार को टैक्स देने वाले अनधिकृत कॉलोनी के लोगों को कांग्रेस व आप दोनों ने दर-दर भटकने को मजबूर किया।