भीम महासंगम विजय संकल्प रैली अपने आपमे अद्वितीय होगी। इसमें समरसता खिचड़ी बनेगी। रैली मे मुख्य अतिथि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह होंगे। समरसता खिचड़ी के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को जोड़कर समरसता का संदेश दिया जाएगा।
तिवारी ने कहा कि जिस प्रकार सरदार वल्लभभाई पटेल में आस्था प्रकट करने के लिए देशभर के लोगों ने मूर्ति निर्माण के लिए लोहा दिया था, उसी प्रकार समाज में समरसता का संदेश देने के लिए दिल्ली की जनता मुट्ठीभर दाल-चावल देगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पुन: देश की सत्ता सौंपने के लिये अनुसूचित जाति मोर्चा ने अपनी प्रतिबद्धता स्वरूप हर विधानसभा क्षेत्र में समर्थन संकल्प कार्ड भेजे थे। इस दौरान मीडिया प्रभारी प्रत्यूष कंठ, नीलकांत बख्शी, प्रवक्ता हरीश खुराना, अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष मोहन लाल गिहारा भी उपस्थित थे।
‘दिल्ली में अराजकता के हालात’
तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में अराजकता के हालात पैदा कर दिए हैं। दिल्ली सरकार के आश्रय गृह से नौ बेटियों का गायब हो जाना बहुत दुखद है, लेकिन दिल्ली सरकार ने उनकी तलाश का कोई प्रयास नहीं किया है। महिलाओं की सुरक्षा के प्रति दिल्ली सरकार की उदासीनता की जितनी भर्त्सना की जाए, कम है।