भाजपा के वरिष्ठ विधायक प्रो. जगदीश मुखी के बयान से पार्टी ने किनारा कर लिया है। भाजपा का कहना है कि 72 घंटे में सरकार बनाने का दावा मुखी का व्यक्तिगत बयान हो सकता है।
पार्टी का उससे कोई लेना देना नहीं है। इतना ही नहीं पार्टी ने बयान पर नाराजगी भी जाहिर की है। वहीं प्रो. मुखी ने कहा है कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया है।
वहीं पार्टी सूत्रों का कहना है कि प्रदेश अध्यक्ष से पांच विधायकों ने इस बयान पर नाराजगी दर्ज कराई है। सोमवार को दोपहर के वक्त प्रो. मुखी प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे उसी दौरान प्रदेश प्रभारी प्रभात झा, संगठन महामंत्री विजय शर्मा व प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय कुछ जरूरी मीटिंग से बाहर चले गए।
इसके कारण अभिवादन भी नहीं हो पाया। बताया जाता है कि भाजपा आलाकमान ने भी प्रो. मुखी से बयान को लेकर जवाब तलब भी किया है।
प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने प्रो. मुखी के बयान से पल्ला झाड़ते हुए कहा कि यह उनका व्यक्तिगत बयान हो सकता है। पार्टी का उनके बयान से कुछ भी लेना-देना नहीं है। वहीं मुखी ने कहा कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया है।
मैंने ‘ केंद्रीय नेतृत्व अगर कहती है कि सरकार बनाओ तो हम सरकार बनाने की स्थिति में है। अगर चुनाव में जाने के लिए कहती है तो इसके लिए भी तैयार है’ यह बात कही थी।