केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार के गठन से पूर्व ही स्थानीय भाजपाईयों ने मेवात को विकास की मुख्यधारा में लाने के लिए कसरत शुरू कर दी है।
इसके लिए बाकायदा एक कमेटी बनाकर मेवात विकास का रोडमैप तैयार किया जा रहा है। जिसे सांसद के जरिए नई सरकार तक पहुंचाया जाएगा।
दशकों से मेवात में भाजपा के झंडाबरदार एवं नरेंद्र मोदी के सहयोगी के तौर पर काम कर चुके भानीराम मंगला इसकी खुलकर पैरवी कर रहे हैं।
मंगला के अनुसार जब तक मेवात में विकास को पूरी गति नहीं मिलेगी, वहां रहने वालों का न तो जीवन स्तर सुधारा जा सकता है और न ही वहां बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाया जा सकता है।
इसके लिए मेवात में विशेष विकास मॉडल की जरूरत है। इसी मसले को लेकर स्थानीय पार्टी पदाधिकारी मंथन कर रहे हैं कि मेवात को विकास की मुख्यधारा में लाकर यहां के लोगों को व्यस्त किया जाए।
उन्होंने कहा कि यहां अशिक्षा और रोजगार की कमी के कारण लोग मजबूरी में अपराध की ओर की बढ़ रहे हैं। सबसे पहले यहां रोजगार परक शिक्षा की अलख जगानी होगी। आज तक मेवात में शिक्षा के नाम का सिर्फ ढिंढोरा पीटा गया है, लेकिन सही मायने में कुछ नहीं हुआ।
रोजगार के लिए यहां बड़े-बड़े कारखाने स्थापित करने की सिफारिश भी की जाएगी। साथ ही मेवात को रेल से जोड़ने की पैरवी भी की जाएगी। इस सब के लिए पांच सदस्यीय कमेटी का गठन कर एक सुझाव पत्र तैयार किया जा रहा है।