एमसीडी चुनाव को ध्यान में रख प्रदेश भाजपा ने विजय विकास यात्रा रथ की शुरूआत दिल्ली के वसंत विहार वार्ड से की। विकास यात्रा में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी, सांसद मीनाक्षी लेखी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय, पूर्व राष्ट्रीय मंत्री आरती मेहरा भी शरीक हुई।
रविवार को विकास यात्रा आरके पुरम, मालवीय नगर, कस्तूरबा नगर, ग्रेटर कैलाश विधानसभा के सभी 12 वार्डों में निकली। प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने विजय विकास यात्रा के दौरान सफदरजंग एन्कलेव में एक जनसभा को सम्बोधित किया।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन दोनों ही भाजपा के प्रति जनता के समर्थन और सदभाव को देखकर बौखला गए हैं। भ्रष्टाचार व प्रशासनिक अनियमितताओं से घिरी केजरीवाल सरकार जनता को गुमराह करने के लिए मुफ्त सेवाओं का भ्रामक प्रचार कर रहे हैं।
दिल्ली की जनता अब राजनीतिक वास्तविकता को समझ चुकी है, केजरीवाल-माकन को नकार कर समग्र विकास के लिए भाजपा को चुनेगी और प्रदेश अध्यक्ष के नाते मैं दिल्ली की जनता के लिए सर्वोत्तम निगम सेवायें देने का संकल्प लेता हूं।