दिल्ली भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने उप राज्यपाल श्री अनिल बैजल से पत्र लिख कर मांग की है की वह दिल्ली पुलिस आयुक्त को निर्देश दें की हौज काजी के लाल कुआं में मंदिर तोड़-फोड़ के दोषी सभी नाबालिग युवकों पर बालिग मान मुकदमा चलाया जाए और इसके लिए बिना देर किए न्यायालय में आवेदन किया जाए।
प्रवीण शंकर ने पत्र में कहा है की यह भगवान का शुक्र है की हिन्दुओं में इतनी सहनशीलता है। इसी के कारण इतनी बड़ी घटना के बाद भी लाल कुआं इलाके में शांति बनी हुई है, लेकिन जिस तरह मंदिर में तोड़-फोड़ की गई उसका परिणाम कुछ भी हो सकता था। दंगा हो जाने पर जानें भी जा सकती थीं और करोड़ों का माली नुकसान भी हो सकता था।
उन्होंने पत्र में एक टीवी रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि जिस तरह रविवार 30 जून की रात दिल्ली सरकार के मंत्री इमरान हुसैन की मौजूदगी में थाने पर मिनटों में हजारों की भीड़ इकट्ठा हो गई और उसी दौरान कुछ युवकों के समूह ने मंदिर में घुस कर तोड़-फोड़ की, वह एक सुनियोजित साजिश भी हो सकती है।
इन्हीं आधारों पर प्रवीण शंकर ने उप राज्यपाल से यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया है कि सभी दोषियों पर एक समान सख्त कारवाई करवाने के लिए कदम उठाएं। उन्होंने लिखा कि यह तभी होगा जब न्यायालय से अनुमती लेकर दोषी नाबालिग युवकों पर भी बतौर बालिग मुकदमा दर्ज हो, नहीं तो वे कुछ ही दिनों में छूट जाएंगे।