समयपुर बदली से हुडा सिटी सेंटर तक येलो लाइन पर चलने वाली मेट्रो में गुरुवार को कुछ समय के लिए तकनीकी कारणों से सेवा बाधित रही। गुरुवार दोपहर करीब दो बजे हुडा सिटी सेंटर की ओर जाने वाली मेट्रो को सिग्नल नहीं मिल पाने के कारण रफ्तार कुछ धीमी करनी पड़ी।
एक ट्रेन के धीमी गति से चलने की वजह से येलो लाइन पर चलने वाली अन्य ट्रेनों की समय सारिणी पर भी इसका असर नजर आया। हालांकि डेढ़ घंटे के भीतर तकनीकी गड़बड़ियों को ठीक कर लिया गया। करीब साढ़े तीन बजे के बाद स्थिती फिर से सामान्य हो सकी और ट्रेनें अपने निर्धारित समय और गति के हिसाब से चलने लगीं।
इस दौरान बाकी सभी लाईनों की मेट्रो सेवाएं सामान्य रहीं, मगर कुछ समय के लिए यात्रियों को जिन परेशानियों का सामना करना पड़ा उसका गुस्सा सोशल मीडिया पर फूटा। लोग लगातार डीएमआरसी के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट को टैग कर अपनी-अपनी नाराजगी जाहिर करते रहे।
बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब येलो लाइन में यात्रा करने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा है। इससे पहले भी इस रूट पर कई बार तकनीकी खराबियों के कारण लोगों ने दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन से इसकी शिकायत की है।
यह भी देखें-