चुनाव आयोग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आयोग की तुलना धृतराष्ट्र से करने पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ बीजेपी ने केस दर्ज कराया है। दिल्ली प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष मनोज तिवारी ने बताया कि पार्टी की कानूनी समिति ने संसद मार्ग थाने में एक शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने यह भी बताया कि इस संबंध में राज्य चुनाव आयोग में भी अलग से एक शिकायत दर्ज कराई गई है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बीते 9 अप्रैल को कई राज्यों में हुए उपचुनाव के दौरान ईवीएम गड़बड़ी का मुद्दा उठाया था। इस दौरान केजरीवाल ने चुनाव आयोग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए चुनाव आयोग की तुलना धृतराष्ट्र से की। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है जैसे चुनाव आयोग धृतराष्ट्र हो गया है, जो अपने बेटे दुर्योधन को साम दाम दंड भेद करके सत्ता में पहुंचाना चाहता है।
चुनाव आयोग को घेरे में लेते हुए केजरीवाल ने कहा कि एक विधानसभा में करीब 200 बूथ होते हैं, जिनमें 18 मशीनें खराब हैं, इसका मतलब 10 प्रतिशत मशीनों में गड़बड़ी की गई है। भिंड की मशीन पर चुनाव आयोग ने क्लीन चिट दे दी। इसकी जांच क्यों नहीं कराई जा रही, बटन किसी का दबाओ, वोट बीजेपी को मिल रहा है। जहां-जहां विविपेट नहीं होगी, वहां गड़बड़ी फैलेगी।