मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ हुई मारपीट व अन्य विषयों को लेकर आज दिल्ली सरकार ने विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया जिसके शुरू होते ही सदन में हंगामा मच गया। जहां सत्र की शुरुआत से पहले ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने सदन के बाहर इसका विरोध किया तो सत्र की शुरुआत भी हंगामेदार रही।
सत्र शुरू होते ही कपिल मिश्रा बोलने के लिए खड़े हुए और फिर बाद में विधानसभा स्पीकर की कुर्सी के पास जा पहुंचे। हंगामा होता देख बाउंसरों ने कपिल मिश्रा को विधानसभा के बाहर करवा दिया।
वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन के दौरान कहना था कि दिल्ली सरकार हर बात पर विशेष सत्र बुलाती रहती है। जो मामला कोर्ट में विचाराधीन हो उस पर विशेष सत्र बुलाकर जनता के पैसों और समय की बर्बादी करना उचित नहीं है।
भाजपा ने कहा,' दिल्ली में प्रदूषण पर कोई विशेष सत्र नहीं, पानी से हुई मौतों पर विशेष सत्र नहीं, बदहाल स्वास्थ व्यवस्था पर विशेष सत्र नहीं, दिल्लीवासियों की किसी समस्या पर कोई विशेष सत्र नहीं, लेकिन मिर्ची पाउडर पर चर्चा करने के लिए जनता के पैसे बर्बाद कर विशेष सत्र बुला रही है आम आदमी पार्टी सरकार।'
यह कारण बताते हुए भाजपा कार्यकर्ता दिल्ली विधानसभा के बाहर केजरीवाल सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। गौरतलब है कि आज बुलाए गए सत्र में सत्ताधारी पक्ष ने केंद्र सरकार और दिल्ली भाजपा को कठघरे में खड़ा करने की रणनीति तैयार की है तो भाजपा ने सदन के बाहर ही प्रदर्शन शुरू कर दिया है।