पहलगाम हमले पर पीएम नरेंद्र मोदी के आतंकियों को दिए मैसेज पर भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल का रिएक्शन सामने आया है। भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने बार-बार इसे स्पष्ट किया है कि आतंकी हमले के बाद भारत चुप नहीं बैठेगा।
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल 2025 को हुए आतंकी हमले के बाद से पूरा देश गुस्से में है। जगह जगह मार्च निकाले जा रहे हैं। भारत पाकिस्तान सीमा पर सेना मुंहतोड़ जवाब दे रही है और वहीं पीएम मोदी लगातार बैठकों के साथ हालात पर अपडेट ले रहे हैं। इसी बीच भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि भारत चुप नहीं बैठेगा।
विज्ञापन
भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने बार-बार इसे स्पष्ट किया है कि आतंकी हमले के बाद भारत चुप नहीं बैठेगा। और करारा जवाब उन सब लोगों को दिया जाएगा। चाहे वह आतंकी हो या उनका सहयोग करने वाले या उनके पीछे काम करने वाले। पहले जब भी ऐसा मौका आया है, भारत ने मुंहतोड़ जवाब दिया है। प्रधानमंत्री मोदी फैसले भी लेते हैं और उन्हें लागू करने की क्षमता भी रखते हैं।
पीएम की अहम बैठक में बड़ा फैसला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते मंगलवार को देश के शीर्ष रक्षा अधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल और तीनों सेनाओं के प्रमुख शामिल हुए। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान भी इस बैठक का हिस्सा थे। बैठक करीब डेढ़ घंटे तक चली।
पीएम मोदी की सेना को खुली छूट
सरकारी सूत्रों के अनुसार, बैठक में प्रधानमंत्री ने कहा कि आतंकवाद पर करारी चोट करना हमारा राष्ट्रीय संकल्प है। पीएम मोदी ने सशस्त्र बलों की पेशेवर क्षमताओं पर पूरा विश्वास और भरोसा जताया। सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री ने कहा, उन्हें (सशस्त्र बलों को) हमारी प्रतिक्रिया के तरीके, लक्ष्य और समय तय करने की पूरी स्वतंत्रता है।
पीएम मोदी का आंतक के आकाओं को जवाब
पहलगाम आतंकी हमले पर पीएम मोदी ने सबसे पहले कहा था कि आज बिहार की धरती पर मैं पूरी दुनिया से कहता हूं, भारत हर आतंकवादी और उसके समर्थकों की पहचान करेगा, उनका पता लगाएगा और उन्हें दंडित करेगा। हम उन्हें धरती के छोर तक खदेड़ेंगे। आतंकवाद से भारत की आत्मा कभी नहीं टूटेगी।