पूर्वी दिल्ली के सांसद गौतम गंभीर ने पीपीई किट को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। गंभीर ने ट्वीट किया है कि मुख्यमंत्री लोगों की जान से और कितना खेलेंगे। राशन दुकानदारों को न तो पीपीई किट मिल रही है और न ही कोरोना की जांच हो रही है।
उन्होंने लिखा है कि पूर्वी दिल्ली के राशन दुकानदारों ने राशन नहीं देने का निर्णय लिया है। दुकानें बंद की जा रही हैं। पूर्वी दिल्ली के किसी इलाके में राशन की दुकानें नहीं खुल रही हैं। गंभीर ने राशन डीलरों के हवाले से जारी पत्र पर ये बातें कहीं।
एनडीएमसी इलाके के दुकानदार परेशान, किराया देने का फरमान
दरअसल, दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने पिछले दिनों अपने क्षेत्र के दुकानदारों को दुकान का किराया देने का फरमान जारी किया था। इससे परेशान व्यापारियों ने दिल्ली सरकार से अपील की है कि लॉकडाउन के बाद ही किराया चुकाने का निर्देश एनडीएमसी को जारी किया जाए।
दिल्ली शॉपकीपर फेडरेशन का पक्ष है कि दिल्ली सरकार ने कहा था कि लॉकडाउन तक दुकान का किराया नहीं लिया जाए। एनडीएमसी इलाके के सभी मार्केट बंद हैं। ऐसे में एनडीएमसी 10 प्रतिशत ज्यादा किराये की मांग कैसे कर सकती है।
फेडरेशन के अध्यक्ष दिनेश गौड़ ने कहा कि व्यापारी लॉकडाउन के निर्देशों का पालन करें या एनडीएमसी को दुकान का किराया दें। उन्होंने बताया कि लॉकडाउन की वजह से पालिका बाजार, पालिका पैलेस, सरोजनी नगर मार्केट, कस्तूरबा नगर मार्केट समेत एनडीएमसी इलाके के 5000 दुकानदार प्रभावित हैं।