विधानसभा अध्यक्ष ने मामला नगर निगम से जुड़ी समिति को भेजा, आयुक्त को किया जाएगा तलब
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। विधानसभा में सोमवार को राजधानी की सफाई व्यवस्था का मुद्दा प्रमुखता से उठा। भाजपा के कई विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित सफाई नहीं होने और कूड़ा उठान की व्यवस्था चरमराने की शिकायत की। विधायकों ने कहा कि कई इलाकों में नियमित रूप से कूड़ा नहीं उठाया जा रहा है। सड़कों और गलियों की सफाई भी समय पर नहीं हो रही है। यह मामला सबसे पहले पूर्वी दिल्ली के कृष्णा नगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक डॉ. अनिल गोयल ने उठाया। उन्होंने क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की स्थिति पर चिंता जताई।
भाजपा के मुख्य सचेतक अभव वर्मा ने भी डॉ. गोयल के मुद्दे का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था सीधे तौर पर लोगों के स्वास्थ्य और रोजमर्रा के जीवन से जुड़ी है। ऐसे में नगर निगम को सफाई व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। इसके बाद भाजपा के कई अन्य विधायकों ने भी अपने विधानसभा क्षेत्रों की सफाई से जुड़ी समस्याएं सदन में रखीं। विधायकों ने बताया कि कई स्थानों पर नियमित रूप से कूड़ा नहीं उठाया जा रहा है। कई जगहों पर सफाई कर्मचारी नियमित रूप से नहीं पहुंचते।
शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने मामले को विधानसभा की नगर निगम से जुड़े मसलों की समिति के पास भेज दिया। समिति अब इस मामले में नगर निगम के आयुक्त को तलब करेगी। इसके अलावा भाजपा व आम आदमी पार्टी के विधायकों ने लावारिश पशुओं का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि इस दिशा में नगर निगम कोई ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने पशुओं को लावारिश छोड़ने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए सख्त कानून बनाने की मांग की। इस मसले पर विजेंद्र गुप्ता ने नगर निगम से रिपोर्ट मंगाने के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया।