भारतीय जनता पार्टी में टिकट को लेकर असंतोष बढ़ गया है। पार्टी से दो बार विधायक रह चुके चंदर भाटिया ने प्रदेश अध्यक्ष को चेतावनी भेजकर साफ शब्दों में कह दिया है कि वे बड़खल सीट से टिकट देने पर पुनर्विचार करें। वरना वे 21 तारीख को पार्टी छोड़ देंगे।
भाटिया बड़खल से सीमा त्रिखा को टिकट दिए जाने से नाराज हैं। उनके निर्दलीय या हजकां से चुनाव लड़ने की संभावना है। भाटिया ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी पत्र लिखा है कि हरियाणा के कुछ भाजपा नेता पार्टी को गुमराह कर रहे हैं।
टिकट बंटवारे में लापरवाही बरती जा रही है। पूर्व विधायक ने पत्र में लिखा है कि इन नेताओं की लापरवाही से पार्टी को हरियाणा विधान सभा चुनावों में नुकशान उठाना पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें: आंतरिक सर्वे के जरिए गांव-गांव तक पहुंच रही कांग्रेस
इसलिए इन नेताओं पर जांच कमेटी बैठाई जाए और इन पर लापरवाही बरतने का दोष साबित होता है तो कार्रवाई हो। भाटिया ने प्रेस को जारी एक विज्ञप्ति में कहा कि भाजपा की पहली सूची में घोर लापरवाही बरती गई है।
अधिकतर टिकटें उन्हें मिली हैं जो जिताऊ उमीदवार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी ने सर्वे के अनुसार टिकट न बांटकर कुछ नेताओं के चहेतों को टिकट देकर अपने पैर पर कुल्हाड़ी मारने का काम किया है।
भाटिया ने कहा कि बड़खल से पार्टी ने सही उम्मीदवार का चयन नहीं किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष को अपना इस्तीफा भेज दिया है। वो या तो इस्तीफे को स्वीकार करें या टिकट वितरण पर पुनर्विचार। पार्टी ने 21 सितंबर से पहले कोई ठोस निर्णय नहीं लिया तो वह उसे छोड़ देंगे।