भाजपा नेताओं में अंदरूनी कलह खुल कर सामने आने लगी है। भाजपा सांसद मनोज तिवारी और उन्हीं के संसदीय क्षेत्र बाबरपुर के विधायक नरेश गौड़ के बीच ठन गई है।
रविवार की रात पूर्वी दिल्ली इलाके के सुदामापुरी स्थित अनूप वाटिका में आयोजित एक कार्यक्रम में तो बकझक भी हुई। नेता भरी सभा में तू-तू मैं-मैं भी करते दिखाई पड़े।
झगड़े के बाद इस मामले की शिकायत राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ और भाजपा के आलाकमान के पास भी पहुंच गई है।
किसी ने नहीं उठाई झगड़ा सुलाने की जहमत
कार्यक्रम में भाजपा पार्षद, पूर्व पार्षद, जिलाध्यक्ष समेत भाजपा के कई नेता मौजूद थे, लेकिन किसी ने बीच बचाव की जहमत नहीं उठाई। विधायक नरेश गौड़ ने सांसद मनोज तिवारी को मंच पर ही खूब लताड़ लगाई।
विधायक नरेश गौड़ ने सांसद मनोज तिवारी पर आरोप लगाया है कि वे सांसद बनने के बाद आम जनता की सुध लेने भी नहीं पहुंच रहे हैं।
बिल्डरों को तो मिलने का समय तिवारी देते हैं लेकिन भाजपा विधायकों से मिलने का वक्त उनके पास नहीं है। उन्होंने कहा कि दर्शन देने की बात तो दूर मोबाइल पर बात करना भी मुनासिब नहीं समझते हैं।
बाउंसर लेकर चलते हैं मनोज तिवारी
नरेंश गौड़ ने आरोप लगाया कि मनोज तिवारी अपने साथ बराबर बाउंसर लेकर चलते हैं। इस संबंध में सांसद मनोज तिवारी का कहना है कि उनका आरोप गलत है।
उत्तर-पूर्वी लोकसभा की जनता की बेहतरी के लिए दिल से लगा हूं। इलाके की जनता से रोजाना मिलता हूं। कैंसर पीड़ित लोगों की समस्या का कैसे निदान हो, केंद्रीय स्कूल कैसे खुले, सड़क का चौड़ीकरण कैसे हो इस विषय पर मंथन कर रहा हूं।
जल्द ही अंजाम सामने आएगा और लोगों को यकीन होगा कि मनोज तिवारी कितना विकास का काम कर सकता है।