गत नौ अक्तूबर को लोहियानगर में मॉर्निंग वाक के दौरान विधायक अजीत पाल त्यागी के मामा नरेश त्यागी की हत्या के बाद से ही पुलिस की कहानी कुछ करीबियों के इर्द-गिर्द ही घूम रही है। विधायक के कुछ करीबी घटना के बाद से ही लापता हैं।
पुलिस इन्हीं दोनों को खोज रही थी। सोमवार को विधायक केपिता एवं पूर्व मंत्री राजपाल त्यागी केआरोपों के बाद नरेश हत्याकांड का रहस्य और गहरा गया। बड़ा सवाल यह है कि आखिर नरेश त्यागी का हत्यारा कौन है।
9 अक्तूबर को तड़के करीब 6 बजे स्कूटी सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने नरेश त्यागी पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी थी। पहले पुलिस घटना को दशकों पहले की रंजिश से जोड़कर देख रही थी लेकिन खुद विधायक अजीत पाल त्यागी ने इससे मना कर दिया था। विधायक द्वारा तीन-चार लोगों पर शक जाहिर करने के बाद पुलिस की जांच उनके इर्द-गिर्द शुरू हो गई थी। उक्त संदिग्ध लोगों में एक आरोपी को पानीपत में तमंचे के साथ गिरफ्तार किया गया था।
भाड़े के शूटरों से कराई हत्या
जिस तरह से हत्यारों ने नरेश त्यागी पर गोलियां बरसाईं, उससे साफ जाहिर है कि वह शार्प शूटर थे। गौर करने वाली बात यह है कि इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर तंत्र का सहारा लेकर भी पुलिस घटना के एक माह बाद भी शूटर्स के बारे में सुराग नहीं लगा सकी।
फूंक-फूंककर कदम रख रही पुलिस
मामला सत्ताधारी विधायक से जुड़ा होने के कारण पुलिस भी फूंक-फूंककर कदम उठा रही है। परिवार के करीबी आरोपी को खोजने से पहले शूटर्स का सुराग लगाया जा रहा है। पुलिस का मानना है कि शूटर्स के पकड़े जाने के बाद हत्याकांड के रहस्य से पर्दा उठ जाएगा।