एंटी रोमियो स्क्वायड पर बोले मनोज तिवारी
- फोटो : ANI
भाजपा उत्तर प्रदेश की तरह दिल्ली में भी एंटी रोमियो स्क्वाड तैनात करना चाहती है। प्रदेशाध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि यूपी में शुरू हो रहा एंटी रोमियो स्क्वाड बेहतर कदम है। इसे दिल्ली में लागू करने के बारे में सोचना चाहिए। महिलाओं के खिलाफ बढ़ रहे अपराधों को रोकने के मकसद से यूपी सरकार इसे फिर शुरू कर रही है।
पत्रकारों से वार्ता में तिवारी ने कहा कि हम किसी रिश्ते के विरोधी नहीं हैं। प्यार-मोहब्बत के भी विरोधी नहीं हैं, लेकिन सड़क पर छेड़छाड़ करने वालों को बर्दाश्त नहीं करेंगे। कई इलाकों में लड़कियां स्कूल-कॉलेज जाती हैं तो उन्हें छेड़ा जाता है। यह किसी समाज को बर्दाश्त नहीं है। इस पर रोक लगनी चाहिए, क्योंकि कई युवतियां छेड़छाड़ के भय से स्कूल-कॉलेज जाने से डरती हैं।
दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने यूपी में एंटी रोमियो स्क्वाड को फिर तैनात करने की निंदा की है। आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली में एंटी रोमियो स्क्वाड कभी नहीं बनने देंगे। इससे भाजपा नेताओं की गुंडागर्दी बढ़ जाएगी। खाकी वर्दी वाले राह चलते बाप-बेटी को भी परेशान करने लगेंगे। लखनऊ और यूपी के अन्य शहरों की घटनाएं सबको याद हैं। भाजपा को महिला सुरक्षा की इतनी चिंता है तो दिल्ली सरकार की मेट्रो और बसों में मुफ्त यात्रा जैसी योजना का स्वागत करे।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता जितेंद्र कोचर ने कहा कि इस स्क्वाड के नाम पर यूपी में अत्याचार देखने को मिला था। कोई लड़का-लड़की कहीं बैठते थे तो पुलिस मारपीट करने पर उतारू हो जाती थी। यह भी नहीं पूछा जाता था कि वह भाई-बहन तो नहीं। कांग्रेस दिल्ली को उत्तर प्रदेश बनाने के पक्ष में नहीं है। महिला सुरक्षा की दिशा में और बहुत से कदम उठाए जा सकते हैं। स्क्वाड के नाम पर कुछ भ्रष्ट कर्मचारी वसूली में लग जाते हैं।