इधर, दिल्ली सरकारी स्कूलों की शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार के साथ अब इन स्कूलों के छात्रों को हाईटेक बनाने की तैयारी में जुट गई है। दिल्ली सरकार राजकीय प्रतिभा विकास विद्यालय, स्कूल ऑफ एक्सीलेंस व सभी सरकारी स्कूलों के 11वीं व 12वीं के छात्रों को टैबलेट देने की तैयारी कर रही है। 10वीं कक्षा में 80 फीसदी से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्रों को यह टैबलेट दिए जाएंगे। इनमें शिक्षा पर आधारित ऐप व शिक्षण सहायक सामग्री अपलोड होगी।
मालूम हो कि इससे पहले सरकार की ओर से शिक्षकों को भी टैबलेट दिए गए थे। अब शिक्षा निदेशालय ने सभी प्रतिभावान छात्रों को टैबलेट देने का फैसला किया है। इस संबंध में निदेशालय ने राजकीय प्रतिभा विकास विद्यालय, स्कूल ऑफ एक्सीलेंस व सभी सरकारी स्कूलों के प्रमुखों को सर्कुलर भेजा है। सीबीएसई की दसवीं की बोर्ड परीक्षा में सरकारी स्कूलों के जो भी छात्र 80 फीसदी से अधिक अंक प्राप्त करेंगे, उन्हें टैबलेट दिए जाएंगे। निदेशालय ने स्कूल के कंप्यूटर साइंस (टीजीटी) शिक्षकों को यह सुनिश्चित करने को कहा है कि छात्रों को टैबलेट के साथ टैबलेट कवर, ओटीजी केबल व ईयर फोन उपलब्ध कराए जाएं।