फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Delhi NCR News: एमसीडी की वार्ड समितियों में भाजपा का दबदबा, 12 में से 10 पर कब्जा

विज्ञापन
विज्ञापन
पिछले साल के मुकाबले दो समितियां बढ़ीं, पर...महापौर प्रवेश वाही के प्रभाव वाले रोहिणी जोन में लगा झटका
विज्ञापन

आप सिर्फ दो जोन तक सिमटी, क्रॉस वोटिंग, दल-बदल और कांग्रेस की भूमिका ने बदले कई वार्ड समितियों के चुनावी समीकरण
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। एमसीडी की 12 वार्ड समितियों के चुनाव में भाजपा ने अपनी राजनीतिक बढ़त को और मजबूत करते हुए 10 समितियों के अध्यक्ष पद पर कब्जा जमा लिया। पिछले वर्ष भाजपा आठ और आम आदमी पार्टी (आप) चार वार्ड समितियों में अध्यक्ष पद जीतने में सफल रही थी, लेकिन इस बार तस्वीर पूरी तरह बदल गई। भाजपा ने आप के कब्जे वाली शहरी-सदर पहाड़गंज (सिटी एसपी) और पश्चिमी वार्ड समिति भी अपने नाम कर ली। वहीं आप केवल रोहिणी और करोल बाग वार्ड समिति तक सिमट गई।
हालांकि भाजपा की इस बड़ी जीत के बीच सबसे बड़ा झटका उसे महापौर प्रवेश वाही के प्रभाव वाले रोहिणी जोन में लगा। यहां अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर भाजपा उम्मीदवारों को एक-एक वोट से हार का सामना करना पड़ा। यह परिणाम इसलिए भी चर्चा में रहा क्योंकि पूरे चुनाव में रोहिणी ही ऐसी प्रमुख समिति रही, जहां भाजपा अपना वर्चस्व कायम नहीं रख सकी। वार्ड समिति चुनावों की सबसे बड़ी राजनीतिक कहानी केवल जीत-हार नहीं रही, बल्कि क्रॉस वोटिंग, दल-बदल और बदले हुए स्थानीय समीकरण रहे। कई समितियों में मतदान के दौरान ऐसे घटनाक्रम सामने आए, जिन्होंने चुनावी नतीजों की दिशा बदल दी।
विज्ञापन

इन चुनाव परिणामों से स्पष्ट है कि एमसीडी की राजनीति में भाजपा ने अपनी स्थिति पहले से अधिक मजबूत कर ली है। दो नई समितियां अपने खाते में जोड़कर उसने निगम की वार्ड समितियों में स्पष्ट बढ़त बना ली है। दूसरी ओर आप का प्रभाव सीमित होता दिखाई दिया। हालांकि रोहिणी और पश्चिमी वार्ड समिति के नतीजों ने यह भी संकेत दिया कि स्थानीय स्तर पर व्यक्तिगत संबंध, क्रॉस वोटिंग और क्षेत्रीय समीकरण अभी भी चुनावी परिणामों को प्रभावित करने की क्षमता रखते हैं।

शहरी-सदर पहाड़गंज वार्ड : मतदान शुरू होने के ढाई घंटे पहले आप के पार्षद भगवा खेमे में शामिल हो गए
सबसे नाटकीय घटनाक्रम शहरी-सदर पहाड़गंज (सिटी एसपी) वार्ड समिति में देखने को मिला। मतदान शुरू होने से करीब ढाई घंटे पहले आप के पार्षद विकास टांक भाजपा में शामिल हो गए। इस घटनाक्रम ने समिति का पूरा गणित बदल दिया। भाजपा उम्मीदवार उषा शर्मा ने अध्यक्ष पद पर 7-5 से जीत दर्ज कर यह समिति आप से छीन ली। दिलचस्प यह भी रहा कि आप के एक अन्य पार्षद और अखिल भारतीय फॉरवर्ड ब्लॉक के पार्षद ने भी भाजपा के पक्ष में मतदान किया। पिछले वर्ष यह समिति आप के कब्जे में थी।
पश्चिमी वार्ड : आप के 25 में से थे 13 पार्षद...वोट मिले सिर्फ 11
पश्चिमी वार्ड समिति का परिणाम भी पूरे चुनाव में सबसे अलग रहा। समिति में आप के 25 में से 13 पार्षद होने के बावजूद भाजपा उम्मीदवार हरीश ओबेरॉय ने अध्यक्ष पद पर 14-11 से जीत दर्ज कर ली। यह परिणाम साफ तौर पर क्रॉस वोटिंग की ओर इशारा करता है। हालांकि उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा और आप की डिंपल आहूजा 13-12 से निर्वाचित हुईं। इससे यह संकेत भी मिला कि स्थानीय स्तर पर राजनीतिक समीकरण हर पद पर अलग-अलग तरीके से काम कर रहे थे।
दक्षिणी वार्ड : कांग्रेस के दोनों पार्षदों ने भाजपा के पक्ष में किया मतदान
दक्षिणी वार्ड समिति में कांग्रेस की भूमिका निर्णायक साबित हुई। कांग्रेस के दोनों पार्षदों ने भाजपा के पक्ष में मतदान किया, जिसके चलते भाजपा ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पद 12-10 के अंतर से जीत लिए। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार यदि कांग्रेस का समर्थन भाजपा को नहीं मिलता तो मुकाबला कहीं अधिक कठिन हो सकता था।
रोहिणी वार्ड : महापौर के जोन में भाजपा को बड़ा झटका, कांग्रेस के दोनों पार्षद अलग-अलग खेमे में बंट गए
पूरे चुनाव में भाजपा को सबसे बड़ा नुकसान रोहिणी वार्ड समिति में उठाना पड़ा। महापौर प्रवेश वाही के प्रभाव वाले इस जोन में अध्यक्ष पद पर आप की पुष्पा और उपाध्यक्ष पद पर रमेश चंद ने 12-11 के अंतर से जीत दर्ज की। दरअसल, रोहिणी वार्ड समिति में कांग्रेस के वोट एकतरफा नहीं पड़े। राजनीतिक हलकों में चर्चा रही कि कांग्रेस के दोनों पार्षद अलग-अलग पक्षों में बंट गए। दूसरी ओर आम आदमी पार्टी का दावा है कि उसे कांग्रेस नहीं, बल्कि भाजपा के एक पार्षद का वोट मिला, जबकि भाजपा ने इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया।
नजफगढ़, मध्य वार्ड और केशवपुरम में भाजपा को, तो करोल बाग में आप को मिला वॉकओवर,
कुछ वार्ड समितियों में मुकाबला बिना मतदान के ही समाप्त हो गया। नजफगढ़ और मध्य वार्ड समिति में आम आदमी पार्टी ने अपने उम्मीदवारों के नामांकन वापस ले लिए। इसके बाद भाजपा के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और स्थायी समिति सदस्य निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिए गए। वहीं केशवपुरम में विपक्षी उम्मीदवार नहीं होने से भाजपा और करोल बाग में विपक्ष के अभाव में आप के उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए।
शाहदरा दक्षिणी, शाहदरा उत्तरी, नरेला और सिविल लाइंस में भाजपा का एकतरफा दबदबा रहा
एमसीडी की शाहदरा दक्षिणी, शाहदरा उत्तरी, नरेला और सिविल लाइंस वार्ड समितियों के चुनाव में भाजपा ने एकतरफा मुकाबले में जीत हासिल करते हुए इन क्षेत्रों में अपना दबदबा कायम रखा। चारों समितियों में अध्यक्ष पद पर भाजपा उम्मीदवारों ने स्पष्ट बढ़त के साथ जीत दर्ज की, जबकि उपाध्यक्ष और स्थायी समिति के सदस्य के चुनाव में पार्टी के उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए।
-शाहदरा दक्षिण वार्ड समिति में भाजपा के यशपाल सिंह ने अध्यक्ष पद पर 18-6 से जीत दर्ज की। उपाध्यक्ष पद पर राजू सचदेवा और स्थायी समिति सदस्य के रूप में मुनेश निर्विरोध निर्वाचित हुए।
-शाहदरा उत्तरी वार्ड समिति में भाजपा के पंकज लूथरा ने अध्यक्ष पद पर 20-12 से जीत हासिल की। उपाध्यक्ष पद पर भी भाजपा के बृजेश सिंह ने 20-12 के अंतर से जीत दर्ज कर पार्टी का वर्चस्व बरकरार रखा।
- नरेला वार्ड समिति में भाजपा की जनता देवी ने 13-7 से अध्यक्ष पद का चुनाव जीता। वहीं उपाध्यक्ष पद पर दिनेश कुमार और स्थायी समिति सदस्य के रूप में पवन कुमार निर्विरोध चुने गए।
विज्ञापन


-सिविल लाइंस वार्ड समिति में भाजपा के गुलाब सिंह ने 11-8 से अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। उपाध्यक्ष पद पर मनोनीत सदस्य संजय त्यागी 11 मत हासिल कर निर्वाचित हुए, जबकि आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार को सात मत मिले और एक मत अमान्य घोषित हुआ।
वार्ड समितियों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष
वार्ड समिति
अध्यक्ष
उपाध्यक्ष
नजफगढ़ जयवीर राणा (भाजपा)
सुषमा राठी (भाजपा)
शाहदरा दक्षिण यशपाल सिंह (भाजपा)
राजू सचदेवा (भाजपा)
शाहदरा उत्तर पंकज लूथरा (भाजपा)
बृजेश सिंह (भाजपा)
दक्षिणी धर्मवीर सिंह (भाजपा)
ममता यादव (भाजपा)
केशवपुरम विनीत वोहरा (भाजपा)
मीनू गोयल (भाजपा)
रोहिणी पुष्पा (आप)
रमेश चंद (आप)
करोल बाग अलका ढींगरा (आप)
कविता चौहान (आप)
नरेला जनता देवी (भाजपा)
दिनेश कुमार (भाजपा)
सिविल लाइंस गुलाब सिंह (भाजपा)
संजय त्यागी (भाजपा)
शहरी-सदर पहाड़गंज उषा शर्मा (भाजपा)
शमीम बानो (आप)
मध्य नीतू (भाजपा)
प्रवीण कुमार (भाजपा)
पश्चिमी हरीश ओबेरॉय (भाजपा) डिंपल आहूजा (आप)
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें